बीजेपी की विकास यात्रा में वन मंत्री विजय शाह के बिगड़े बोल, समस्या बताने वाले को बताया कांग्रेसी

विकास यात्रा के दौरान युवक अपनी समस्या बताने पहुंचा था, वनमंत्री उस पर भड़क गए।

Updated: Feb 14, 2023, 01:10 PM IST

खंडवा। मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार की विकास यात्रा चल रही है। मगर शिवराज सरकार के मंत्री ही खुद इस विकास यात्रा की किरकिरी कराते हर जगह दिखाई दे रहे हैं।

मामला सोमवार की रात का है, यहां प्रदेश के वन मंत्री हरसूद विधानसभा के गोलखेड़ा गांव की विकास यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। जहां मुकेश दरबार भी अपनी समस्या को लेकर मंत्री के पास गया था। वन मंत्री दरबार के सवाल सुनते ही बौखला गए और उस पर बुरी तरह बिगड़ पड़े।

वन मंत्री शाह ने मुकेश दरबार पर कांग्रेसी होने का और कांग्रेस के लोगों से पैसे लेकर सभा में आने का आरोप लगा दिया, मंत्री ने कहा कि सभा खराब करने की कोशिश की तो पुलिसवाले फोड़ देंगे। इसके साथ युवक को शराबी बताते हुए पुलिस के हवाले कर दिया।

दरअसल, वन मंत्री ने जिस युवक पर कांग्रेसी होने का आरोप लगाया है, वो आदिवासी विकास परिषद का जिलाध्यक्ष है। मुकेश दरबार का कहना है कि मैंने विजय शाह के बेटे दिव्यादित्य शाह के खिलाफ जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था। उस चुनाव के बाद उन्होंने मेरे ऊपर 11 करोड़ की मानहानि का केस कर दिया। यह मामला अभी पेंडिंग है।

मुकेश दरबार ने आगे बताया कि गांव वालों की कई समस्या है जिनपर कोई ध्यान नहीं देता। आंगनवाड़ी में खाना बनाने वाले कर्मचारियों की 6 महीने से सैलरी नहीं आ रही है। यैसी कैसी ये बीजेपी विकास यात्रा कर रही है। इन्हीं सारी बातों को सुनकर मंत्री भड़क गए और कांग्रेसी करार कर दिया। औरअब मैं वन मंत्री पर मानहानि का केस करूंगा।