उज्जैन में लहसुन की रखवाली कर रहे किसान की हत्या, कांग्रेस बोली- CM के गृह जिले में सर्वाधिक अराजकता

परिवार के लोगों ने जब खेत पर जाकर देखा तो वे खाट पर पड़े थे। CSP नितेश भार्गव ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

Updated: Mar 19, 2024, 05:46 PM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में लहसुन फसल की रखवाली कर रहे किसान की हत्या कर दी गई। किसान का शव मंगलवार सुबह खेत में खाट पर मिला। घटना बड़नगर के भाटपचलाना के बालोदा लक्खा गांव की है। कांग्रेस ने इस घटना को लेकर सीएम मोहन यादव को निशाने पर लिया है।

जानकारी के मुताबिक 50 वर्षीय किसान किशन सिंह चावड़ा घर से 1 किलोमीटर दूर खेत पर सोते थे। सुबह वे घर नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने खेत पर जाकर देखा। वे खाट पर पड़े थे। CSP नितेश भार्गव ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच कर रही है। आसपास के खेत के किसानों से भी पूछताछ की जा रही है।

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने घटना को लेकर कहा, 'मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी, आप गृहमंत्री बनाम मुख्यमंत्री हैं। उज्जैन आपका गृह जिला है। सबसे ज्यादा अराजकता भी उज्जैन जिले में ही हो रही है, क्यों?'

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'मध्य प्रदेश के लिए तो संभव नहीं हो पाएगा, आप एक काम कीजिए, उज्जैन में गंभीर होते अपराधों को नियंत्रित करने के लिए ही अगले 100 दिन की कार्ययोजना सामने रख दीजिए। अपने गृह जिले को तो इस बात का विश्वास दिला दीजिए कि उनके लोकप्रिय गृहमंत्री के नेतृत्व में आने वाले 100 दिन तक वे निश्चिंत होकर सुरक्षित महसूस कर सकते हैं।'

उज्जैन SP प्रदीप शर्मा ने बताया कि किसान के सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका है कि किसी जान-पहचान वाले का हाथ हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि खेत से लहसुन चोरी नहीं गया है। किशन सिंह चावड़ा भारतीय किसान संघ बड़नगर के कार्यकारिणी सदस्य थे। उनके दो बेटे हैं। घटना के समय दोनों घर पर थे। दोनों बेटे भी किसान हैं।