आज तक प्रधानमंत्री आपके आंसू पोछने नहीं आए, मणिपुर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के शुभारंभ पर बोले राहुल गांधी

मणिपुर में थौबल के खोंगजोम में राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मणिपुर में लाखों लोगों को नुकसान पहुंचा। लेकिन आज तक देश के प्रधानमंत्री मणिपुर में लोगों के आंसू पोछने नहीं आए। यह शर्म की बात है।

Updated: Jan 14, 2024, 04:51 PM IST

इंफाल। राहुल गांधी ने रविवार को मणिपुर के थौबल से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू की। यात्रा से पहले राहुल गांधी ने एक सभा को संबोधित करते पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि मणिपुर में भाई-बहन, माता-पिता आंखों के सामने मरे और आज तक हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री मणिपुर में आपके आंसू पोछने, गले मिलने नहीं आए। ये शर्म की बात है।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि हम आपकी सुनने आए हैं, मन की बात सुनाने नहीं। उन्होंने कहा, '29 जून को मैं मणिपुर आया था। उस यात्रा के दौरान जो मैंने देखा, जो मैंने सुना, मैंने उससे पहले न कभी सुना था न देखा था। मैं 2004 से राजनीति में हूं। पहली बार मैं हिंदुस्तान के एक प्रदेश में गया जहां, हुकूमत का पूरा आधारभूत संरचना ढह गया था। जिसको हम मणिपुर कहते थे वह मणिपुर रहा ही नहीं।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'कोने-कोने में नफरत फैली। लाखों लोगों को नुकसान पहुंचा। भाई-बहन, माता-पिता आंखों के सामने मरे। आज तक देश के प्रधानमंत्री मणिपुर में आपके आंसू पोछने, आपसे गले लगने और हाथ पकड़ने नहीं आए। यह शर्म की बात है। शायद मोदी जी के लिए, बीजेपी और आरएसएस के लिए मणिपुर हिंदुस्तान का हिस्सा ही नहीं है। आपका जो दिख-दर्द है, उनका दुख-दर्द नहीं है।'

राहुल गांधी ने मणिपुर से यात्रा शुरू करने की लेकर कहा कि लोकसभा चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा। इसलिए पैदल के साथ-साथ बस यात्रा का फैसला किया। सवाल उठा कि यात्रा कहां से शुरु करें, किसी ने कहा वेस्ट से करो, किसी ने ईस्ट बताया। मैंने साफ कहा कि अगली भारत जोड़ो यात्रा सिर्फ मणिपुर से शुरू हो सकती है। मणिपुर में बीजेपी की नफरत की राजनीति है।

मणिपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'जब पंडित नेहरू पहली बार मणिपुर आए थे तब उन्होंने इसे भारत का गहना बताया था। यही बात इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने भी कही थी। यह मणिपुर की वह भूमि है जो आजादी के लिए लड़ी।' उन्होंने कहा, 'PM मोदी मणिपुर वोट के लिए आते हैं लेकिन जब मणिपुर के लोग मुसीबत में है तब वे नहीं आते। वे राम-राम करते हैं। मुंह में राम और बगल में छुरी, यह वे जनता के साथ न करें। वोट के लिए ये सब ढोंगबाजी नहीं करनी चाहिए।'

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा 67 दिनों में 110 जिलों से होकर 6,700 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी। राहुल गांधी के साथ दिग्विजय सिंह, अशोक गहलोत, सचिन पायलट, सलमान खुर्शीद, आनंद शर्मा,  राजीव शुक्ला जैसे पार्टी के तमाम सीनियर नेता मणिपुर पहुंचे हैं। राहुल गांधी यात्रा शुरू करने से पहले थौबल के खोंगजोम वॉर मेमोरियल भी पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।