इंदौर में दूषित पानी से मौतों का सिलसिला जारी, 75 साल के बुजुर्ग और 2 साल की बच्ची ने दम तोड़ा

75 साल के बुजुर्ग शालिग्राम ठाकुर की सोमवार रात और दो साल की बच्ची रिया की मौत मंगलवार को सुबह हुई। इंदौर में दूषित पानी से अब तक कुल 35 लोगों की जान जा चुकी है।

Updated: Feb 10, 2026, 03:25 PM IST

इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में दूषित पानी से मौतों का सिलसिला नहीं थम रहा है। शहर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से दो और लोगों की मौत हुई हैं। सोमवार रात 75 वर्षीय बुजुर्ग शालिग्राम ठाकुर की मौत हो गई। वहीं, मंगलवार सुबह दो साल की बच्ची रिया ने दम तोड़ दिया। इसी के साथ भागीरथपुरा में गंदे पानी से अब तक कुल 35 लोगों की जान जा चुकी है।

मृतक शालिग्राम ठाकुर की बेटी मोना बघेल ने बताया कि 2 जनवरी को उलटी-दस्त के कारण उन्हें शेल्बी हॉस्पिटल में रेफर किया गया था। वहां से उन्हें बॉम्बे हॉस्पिटल में एडमिट किया गया। इसके बाद वे लगातार वेंटिलेटर पर ही थे। करीब 12 दिन पहले उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था।

परिजनों का कहना है कि 18 साल पहले उन्हें लकवा हुआ था। इसके अलावा कोई तकलीफ नहीं थी। उधर, बॉम्बे हॉस्पिटल के जनरल मैनेजर राहुल पाराशर ने बताया कि मरीज को शुरू से ही कार्डियक की तकलीफ थी।

वहीं, दो साल की बच्ची रिया पिता सूरज प्रजापति की मंगलवार सुबह 4:30 बजे मौत हुई। 27 दिसंबर को उलटी-दस्त के कारण परिजन ने उसे एक प्राइवेट अस्पताल में दिखाया था। इसके बाद हालत ठीक हुई, लेकिन बाद में फिर बिगड़ती गई।

15 दिन पहले रिया को चाचा नेहरू अस्पताल में एडमिट किया गया था। यहां उसके लिवर में तकलीफ बताई गई थी। इसके बाद उसे सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल में एडमिट किया गया, जहां करीब 5 दिन बाद उसकी मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि दूषित पानी के कारण ही तबीयत बिगड़ी।

बता दें कि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट आदेशानुसार, पेयजल प्रदूषण और उसके परिणामस्वरूप उत्पन्न जनस्वास्थ्य प्रभाव और अन्य क्षेत्रों पर पड़े प्रभावों की जांच के लिए सुशील कुमार गुप्ता (पूर्व जस्टिस, मप्र हाईकोर्ट) की अध्यक्षता में जांच आयोग का गठन किया गया है।

आयोग द्वारा पेयजल प्रदूषण के कारणों, संबंधित प्रशासनिक लापरवाही, दोषी व्यक्तियों की जिम्मेदारी और उनके विरुद्ध संभावित कार्रवाई, जनहानि, चिकित्सकीय प्रभाव और भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुधारात्मक उपायों की विस्तृत जांच की जाएगी।