2047 तक भारत को आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना हमारा लक्ष्य, महू में बोले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय दौरे पर रविवार को इंदौर जिले के महू कैंट एरिया आए हैं। उनके साथ आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी पहुंचे हैं।
महू। देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय दौरे पर रविवार को इंदौर जिले के महू कैंट एरिया आए हैं। उनके साथ आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी पहुंचे हैं। यहां राजनाथ सिंह ने सैन्यकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य है कि 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाया जाए। इस लक्ष्य की प्राप्ति में सेना की भूमिका अहम है। आप केवल सीमाओं के रक्षक ही नहीं हैं, बल्कि राष्ट्र के निर्माण के अग्रदूत भी हैं।
राजनाथ सिंह रविवार दोपहर करीब 12.10 बजे सेना की हैलिकॉप्टर से आर्मी वॉर कॉलेज के हैलीपेड पहुंचे। दो दिन तक रक्षामंत्री महू में ही रहेंगे। इस दौरान आर्मी की सभी यूनिट्स का दौरा करेंगे। रक्षा मंत्री आर्मी वाॅर कॉलेज में स्थित आयोजन में पहुंचे। यहां जवानों और अधिकारियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान रक्षामंत्री ने कहा, ‘महू में एक लंबे समय से आर्मी वॉर कॉलेज, इन्फेंटरी स्कूल और मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलिकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग भी सेवाएं दे रहे हैं। स्थापना के समय से ही ये संस्थान भारतीय सेनाओं के ऑफिसर्स और जवानों को मिलिट्री स्ट्रेटजीस और युद्ध कौशल में पारंगत बना रहे हैं। मैं राष्ट्र के प्रति आप सभी की सेवा के लिए भी आभार प्रकट करता हूं। आपका समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा प्रेरणा का काम करती है।'
सिंह ने आगे कहा, 'हमारा लक्ष्य है कि 2047 तक भारत को एक विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाया जाए। इस लक्ष्य की प्राप्ति में, सेना की भूमिका बेहद अहम है। आप केवल सीमाओं के रक्षक ही नहीं हैं, बल्कि आप इस राष्ट्र के निर्माण के अग्रदूत भी हैं।आपके कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है। आपको एक तरफ तो, हमारी सीमाओं का भार संभालना है। दूसरी तरफ, विकसित भारत के निर्माण की नींव भी रखनी है।'
कार्यक्रम के बाद रक्षामंत्री का काफिला आर्मी क्षेत्र से होते हुए दोपहर 1.05 बजे बाबा आंबेडकर जन्मस्थली पहुंचा। यहां रक्षा मंत्री ने बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान बाबा साहब के स्मारक के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्थि कलश पर पुष्प अर्पित किए।