बुरहानपुर में 10 फीट से ज्यादा ऊंची गणेश प्रतिमाओं के परिवहन पर रोक, जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन अलर्ट हो गया है। पुलिस ने 10 फीट से ऊंची गणेश प्रतिमाओं के शहरों के अंदर और बाहर परिवहन पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में शनिवार को गणेश प्रतिमा ले जाते समय दर्दनाक हादसा हो गया था। जिसमें शशांक जोशी नामक युवक की मौत हुई थी। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन अलर्ट हो गया है। पुलिस ने 10 फीट से ऊंची गणेश प्रतिमाओं के परिवहन पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
इसका असर पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के कई जिलों में पड़ेगा। दरअसल जिले के अलग-अलग शहरों जिनमें आकोला अमरावती, बुलढाणा से 40 से अधिक गणेश मंडलों के कई सदस्य बुरहानपुर में गणेश प्रतिमा लेने के लिए पहुंचे थे। वो भी जिला प्रशासन के इस आदेश के बाद यहां अटक गए हैं। महाराष्ट्र के गणेश मंडलों ने अपनी समस्या के समाधान के लिए महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस के दफ्तर में गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें: बुरहानपुर में 12 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरी, युवक की दबकर मौत
गणेश मंडल के सदस्य हरीश बियाणी ने बताया कि महाराष्ट्र सीएम कार्यालय के ओएसडी अमोल पाटनकर को हमने अपने विधायक के माध्यम से समस्या बताई थी। महाराष्ट्र सीएम के ओएसडी अमलो पाटनकर ने मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव के कार्यालय में समस्या के हल के लिए संपर्क किया। जैसे ही मोहन यादव के संज्ञान में मामला आया, उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि महाराष्ट्र से बुरहानपुर आए गणेश मंडलो के सदस्यों को गणेश प्रतिमाए ले जाने की अनुमति दी जाए।