शादी की दावत बनी आफत, गुलाब जामुन खाने के बाद सीहोर में 100 से ज्यादा लोग बीमार

बावड़िया नोआबाद में एक शादी समारोह के दौरान फूड पॉइजनिंग से हाहाकार मच गया। मिलावटी मावे का गुलाब जामुन खाने से 100 से अधिक मेहमानों को उल्टी-दस्त के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Updated: Mar 26, 2026, 12:35 PM IST

सीहोर। मध्य प्रदेश के बावड़िया नोआबाद गांव में एक शादी समारोह अचानक हड़कंप में बदल गया। विवाह समारोह में भोजन करने के बाद 100 से अधिक मेहमान बीमार पड़ गए। देर रात हुई इस घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के साथ अस्पताल ले जाना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, समारोह में शामिल लोगों के खाना खाने के कुछ ही देर बाद कई मेहमानों की तबीयत बिगड़ने लगी। धीरे-धीरे बीमार पड़ने वालों की संख्या बढ़ती गई और देखते ही देखते यह आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया। इससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें:आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, टक्कर के बाद बस में लगी आग, 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

परिजनों ने आरोप लगाया है कि मावे से बने गुलाब जामुन खाने के बाद ही ज्यादातर लोगों की हालत खराब हुई थी। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मावा मिलावटी या खराब हो सकता है। जिसके कारण लोगों को फूड प्वाइजनिंग हो गई। हालांकि, असली कारण का पता सैंपल जांच के बाद ही चल सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। एम्बुलेंस की मदद से सभी मरीजों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टर अर्जुन कुमार ने बताया कि सभी मरीजों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरी उपचार दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:बच्चों के लिए खतरनाक है फेसबुक-इंस्टाग्राम, अमेरिकी कोर्ट ने मेटा पर लगाया 3100 करोड़ का जुर्माना

बताया जा रहा है कि इस शादी समारोह में करीब एक हजार लोग शामिल हुए थे। फिलहाल 100 से ज्यादा लोग बीमार हैं लेकिन आशंका जताई जा रही है कि यह संख्या और बढ़ सकती है।

इस घटना के बाद खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। जिसकी वजह इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके से भोजन और मावे के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं।

यह भी पढ़ें:गुना में कीटनाशक से किसान की मौत, बिना हाथ धोए गुटखा खाने से शरीर में गया जहर