शिव राज में सुरक्षित नहीं महिलाएं, सागर में बीजेपी मंत्री के गुर्गों ने महिला को बेरहमी से पीटा

मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक विचलित करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक महिला को सड़क पर घसीटकर पीटा जा रहा है। महिला के ऊपर डंडे चलाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी बीजेपी मंत्री के गुर्गे हैं।

Updated: Aug 31, 2023, 03:50 PM IST

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से फिर एक महिला के साथ बर्बरता का शर्मनाक मामला आया है। यहां कुछ लोगों ने सरेआम एक महिला के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी महिला को लात-घुसे और डंडों से पीट रहे हैं। इस दौरान एक युवक उसे घसीटता हुआ भी दिख रहा है। आरोपी बीजेपी के एक मंत्री के गुर्गे बताए जा रहे हैं।

वायरल वीडियो में महिला से एक शख्स बर्बरतापूर्ण तरीके पेश आ रहा है। घटना पिछले 12 अगस्त का है। 39 सेकंड का ये वीडियो रूह कंपाने वाला है। इस वीडियो में महिला को डंडे से पीटा जा रहा है। एक शख्स उसका हाथ पकड़कर उसे एकतरफ घसीट भी रहा है। पीछे से एक शख्स उसे अपशब्द बोलते हुए ले जाने को कह रहा है। मारने वाला शख्स बीजेपी के एक मंत्री का करीबी बताया जा रहा है।

घटना सागर शहर के बस स्टैंड के गोपाल गंज थाना की है। पीड़ित महिला छतरपुर की बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वो बीते 12 अगस्त को किसी काम से सागर आई थी। उसके गोद में उसका था। बताया जा रहा है कि वह अपने बच्चे को दुकान के सामने लिटाकर उसके लिए दूध लेने लग गई थी। जल्दबाजी में वह दूध का पैसा देना भूल गई। इस पर दुकानदार ने आकर गाली गलौज करना शुरू कर दिया। 

महिला ने जब इसका विरोध किया, तो वहां मौजूद बीजेपी मंत्री के गुर्गों ने उस महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला के साथ बेरहमी का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर, तीन लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। सागर एसपी अभिषेक तिवारी ने इसकी पुष्टी की।