दिल्ली में करारी हार के बाद पंजाब में लग सकता है AAP को झटका, कांग्रेस ने 30 MLAs के संपर्क में होने का किया दावा
पंजाब कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया कि AAP के 30 विधायक हमारे संपर्क में हैं। उधर, अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों की मीटिंग बुलाई है।

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी चारों खाने चित हो गई। पार्टी के शीर्ष नेता अरविंद केजरीवाल सहित नंबर दो के नेता मनीष सिसोदिया व अन्य दिग्गज अपनी सीट तक बचाने में नाकाम रहे। दिल्ली में करारी शिकस्त के बाद AAP के पास अब पंजाब में सरकार बचाने की चुनौती है। इसी बीच कांग्रेस ने AAP के 30 विधायकों के संपर्क में होने का दावा किया है।
राज्य में कांग्रेस के नेता और विधानसभा में एलओपी प्रताप सिंह बाजवा ने अब दावा किया है कि आप के 30 विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं। वहीं, कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी दावा किया है कि पंजाब में भगवंत मान की सरकार जाने वाली है। उन्होंने कहा कि पंजाब में मान की सरकार जाने वाली है, मध्यावधि चुनाव होने वाले हैं। दो महीने में पूरा खेल सामने आ जाएगा।
यह भी पढे़ं: हम सत्ता के लिए सियासत में नहीं आए थे, दिल्ली चुनाव में करारी हार पर बोले अरविंद केजरीवाल
पटियाला से कांग्रेस सांसद डॉ धर्मवीर गांधी ने कहा कि AAP की केंद्रीय लीडरशिप को लेकर पंजाब के विधायकों के अंदर आक्रोश है। यह लोग पंजाब संसाधनों व स्रोतों पर कब्जा कर रहे हैं। राज्यसभा में इन्होंने पंजाब से बाहर के लोगों को भेजा। ये बहुत से तरीके से शोषण कर रहे हैं। यह मौकापरस्त लोग हैं। सिद्धांतवादी लोग पहले ही पार्टी छोड़ गए थे। इनके विधायक बीजेपी और कांग्रेस में कहीं भी जा सकते हैं।
कांग्रेस नेताओं के दावे में कितना दम है, यह तो आने वाले कुछ दिनों में तय होगा लेकिन पंजाब में भगवंत मान सरकार के गिरने की अटकलों के बीच अरविंद केजरीवाल पार्टी विधायकों के साथ बैठक करेंगे। केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों की मीटिंग बुला ली है। यह मीटिंग दिल्ली में कल यानी मंगलवार सुबह 11 बजे कपूरथला भवन में होगी। इसमें CM भगवंत मान के साथ उनके सारे मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
माना जा रहा है कि इसी वजह से पंजाब सरकार की 10 फरवरी यानी आज होने वाली कैबिनेट मीटिंग भी टाल दी गई। रविवार देर शाम इसकी सूचना जारी की गई थी। अब यह मीटिंग 13 फरवरी को दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ में होगी। इससे पहले भी कैबिनेट मीटिंग का 5 फरवरी का शेड्यूल भी बदला जा चुका है।