फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बॉलीवुड में मचा हड़कंप
मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर शनिवार देर रात चार राउंड फायरिंग हुई।
मुंबई। मुंबई के जुहू इलाके में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना हुई। मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की। घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। फायरिंग की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। एहतियातन रोहित शेट्टी के घर और आसपास के इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
रोहित शेट्टी जुहू के जिस इलाके में रहते हैं वहां बॉलीवुड के कई बड़े सितारों के घर भी हैं ऐसे में इस घटना को सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है लेकिन फायरिंग के पीछे की मंशा और हमलावरों की पहचान अब तक साफ नहीं हो पाई है। मामले में अभी तक किसी भी संगठन या व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब बीते कुछ वर्षों में फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े बड़े नामों को लगातार धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ा है। इसी कड़ी में 16 अक्टूबर 2025 को कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर तीसरी बार फायरिंग की घटना हुई थी। इससे पहले उनके कैफे पर जुलाई, अगस्त और अक्टूबर में भी फायरिंग की जा चुकी है। उन सभी मामलों में लॉरेंस गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली थी और कपिल शर्मा को कई बार धमकियां भी दी गई थीं।
वहीं, बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को भी लगातार निशाना बनाया जाता रहा है। 14 अप्रैल 2025 को सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली थी। मुंबई के वर्ली स्थित ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट में एक अज्ञात शख्स ने व्हाट्सएप के जरिए संदेश भेजकर सलमान खान की कार को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। उसी संदेश में यह भी लिखा गया था कि उन्हें घर में घुसकर मारा जाएगा। इस मामले में वर्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) और 351(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इससे एक साल पहले 14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर भी फायरिंग की घटना हुई थी। उस हमले की जिम्मेदारी भी लॉरेंस गैंग ने ली थी। पुलिस ने इस मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था जिनमें से एक आरोपी ने बाद में आत्महत्या कर ली थी।




