महाराष्ट्र सरकार ने भी खो दिया अपना मार्गदर्शक, अहमद पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए बोले उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, राज्य में महाराष्ट्र विकास अघाड़ी की सरकार के गठन में अहमद पटेल ने बेहद अहम भूमिका निभाई थी

Updated: Nov 25, 2020, 07:30 PM IST

Photo Courtesy: Maharashtra Times
Photo Courtesy: Maharashtra Times

मुंबई/नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन के बाद राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी कांग्रेस नेता के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा है कि अहमद पटेल के निधन से न सिर्फ कांग्रेस ने बल्कि महाराष्ट्र महाविकास अघाड़ी की सरकार ने भी अपना मार्गदर्शक खो दिया है। 

कांग्रेस पार्टी ने अपना चाणक्य खो दिया : ठाकरे

उद्घव ठाकरे ने अहमद पटेल को याद करते हुए बताया है कि महाराष्ट्र में शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस की गठबंधन सरकार बनाने में अहमद पटेल ने बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उद्घव ठाकरे ने अहमद पटेल को याद करते हुए कहा, कांग्रेस पार्टी ने अपना चाणक्य खो दिया, जो पार्टी की हर चुनौती के दौरान खड़ा होता था। वह अपनी राजनीतिक व्यस्तताओं के अलावा सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल थे। उनके मार्गदर्शन और अनुभव ने हमें पिछले साल महाराष्ट्र में तीन दलों का गठबंधन बनाने में और सरकार के गठन में बहुत मदद की। उद्धव ठाकरे ने कहा कि अहमद पटेल के निधन से न केवल कांग्रेस, बल्कि महाराष्ट्र विकास अघाड़ी ने भी अपना मार्गदर्शक खो दिया है।

दरअसल, अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के उस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे थे, जो महाराष्ट्र में शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार के समर्थन के मुद्दे पर विचार-विमर्श कर रहा था। कांग्रेस की यह टीम ही महाराष्ट्र में साझा सरकार बनाने पर बातचीत करने के लिए मुंबई गई थी। पिछले साल ही महाराष्ट्र में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने मिलकर साझा सरकार का गठन किया था। 

कांग्रेस ही नहीं देश का भी नुकसान हुआ है : संजय राउत 

अहमद पटेल के निधन पर शिवसेना प्रमुख संजय राउत ने कहा है कि कांग्रेस नेता के निधन से न सिर्फ कांग्रेस पार्टी बल्कि देश का भी नुकसान हुआ है। संजय राउत ने अहमद पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि मौजूदा वक्त में देश की राजनीति को अहमद पटेल की बहुत ज़रूरत थी। उनके जाने के साथ ही कांग्रेस ही नहीं देश का भी नुकसान हुआ है।  

राउत ने आगे कहा, महाराष्ट्र में सरकार बनाने की कोशीशों मे अहमद पटेल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। पिछले कई वर्षों से, गुजरात की राजनीति उनके इशारे पर ही होती रही है। वह महाविकास गठबंधन में एक महत्वपूर्ण नेता थे,जिनका सरकार के गठन में एक प्रमुख योगदान था।

बता दें कि अहमद पटेल का बुधवार तड़के करीब तीन बजे निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और कुछ हफ्ते पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। अहमद पटेल को याद करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि उन्होंने अपना सहयोगी और हर मुश्किल में खड़ा रहने वाला दोस्त खो दिया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि वे भी अहमद पटेल के निधन से अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में कई साल समाज की सेवा करते हुए बिताए। कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करने में उनका अहम योगदान रहा है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत देश की तमाम हस्तियों ने अहमद पटेल को श्रद्धांजलि दी है।