BJP आईटी सेल से अमित मालवीय की छुट्टी, नितिन नबीन ने छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को सौंपा कमान

बीजेपी ने अमित मालवीय को अपनी राष्ट्रीय आईटी सेल के प्रमुख के पद से हटाकर छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को यह जिम्मेदारी सौंपी है। मालवीय करीब एक दशक से ज्यादा समय से बीजेपी आईटी सेल की कमान संभाल रहे थे।

Updated: Aug 17, 2026, 06:08 PM IST

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। नितिन नबीन ने सबसे बड़ा बदलाव भाजपा की आईटी सेल में किया है। नितिन नबीन ने लंबे समय से आईटी सेल चीफ की जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे अमित मालवीय की छुट्टी कर दी है। मालवीय की जगह उन्होंने छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को सोशल मीडिया और आईटी सेल की जिम्मेदारी सौंपी है।

अमित मालवीय संगठन के डिजिटल अभियान का नेतृत्व पिछले 11 वर्षों से कर रहे थे। मालवीय पर सोशल मीडिया के माध्यम से झूठे नैरेटिव गढ़ने और हेट स्पीच को प्रमोट करने के लगातार आरोप लगते रहे हैं। स्वयं बीजेपी के सीनियर नेताओं द्वारा भी उनपर टारगेटेड कैंपेन चलाने के आरोप लगा चुके हैं। इसके बावजूद विगत 11 वर्षों से वो पद पर बने हुए थे। लेकिन अब नितिन नबीन ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

आईटी सेल प्रमुख के पद से हटाए जाने के बाद अमित मालवीय की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने नए आईटी सेल चीफ दीपक म्हास्के को बधाई देते हुए भरोसा जताया कि नई टीम के नेतृत्व में बीजेपी का डिजिटल कम्युनिकेशन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। अमित मालवीय ने एक्स पर एक लंबी पोस्ट के जरिए दीपक म्हास्के के साथ-साथ पार्टी के नए सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटरों प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव का भी स्वागत किया। 

उन्होंने कहा कि इन सभी के साथ उन्हें करीब से काम करने का अवसर मिला है और नई नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं, जब पार्टी देश के हर हिस्से तक अपना संगठनात्मक विस्तार और संदेश पहुंचाने की कोशिश कर रही है। अमित मालवीय ने पोस्ट में अपने करीब 11 साल के कार्यकाल को भी याद किया। उन्होंने लिखा कि इस दौरान उन्हें बीजेपी के डिजिटल ऑपरेशन का नेतृत्व करने और पार्टी के सोशल मीडिया से जुड़े हजारों कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ संवाद करने का मौका मिला।

नए IT सेल प्रमुख दीपक म्हास्के और सोशल मीडिया की नई टीम को बधाई देते हुए मालवीय ने बीजेपी के डिजिटल समर्थकों से आगे भी इसी तरह समर्थन जारी रखने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम के साथ पार्टी का डिजिटल अभियान और अधिक प्रभावी होगा तथा बीजेपी का संदेश देश के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचेगा।