भारत जोड़ो यात्रा की तेलंगाना में एंट्री, प्रियंका गांधी बोलीं- जत्था विशाल होता जा रहा है

तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बताया कि पदयात्रा को दीपावली के दौरान रविवार दोपहर से 26 अक्टूबर तक तीन दिनों के लिए रोका जाएगा। इसके बाद यात्रा गुडेबेलूर से 27 अक्टूबर की सुबह फिर से शुरू होगी।

Updated: Oct 23, 2022, 08:48 AM IST

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 46वां दिन है। यात्रा आज तेलंगाना में प्रवेश कर चुकी है। कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के नेताओं ने तेलंगाना-कर्नाटक सीमा पर भारत यात्रियों का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान हजारों की संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद थे।

यात्रा के तेलंगाना पहुंचने पर प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि जत्था विशाल होता जा रहा है। प्रियंका गांधी ने यात्रा का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान उमड़े जनसैलाब ने दिखा दिया कि भारत जोड़ो का जत्था दिन पर दिन विशाल होता जा रहा है। जनता के इस अपार समर्थन से साफ है कि भारत जोड़ो के आह्वान और उन्नति के संकल्प को जनता बदलाव के विकल्प के रूप में देख रही है।'

तेलंगाना में लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, 'हम दो नहीं.. एक हिन्दुस्तान चाहते हैं, जहां सबको न्याय मिले, रोज़गार मिले और आपस में भाईचारा हो।' बता दें कि दिवाली के मौके पर यात्रा तीन दिन तक रुकी रहेगी। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बताया कि पदयात्रा को दीपावली के दौरान रविवार दोपहर से 26 अक्टूबर तक तीन दिनों के लिए रोका जाएगा। 

दिवाली के बाद यात्रा गुडेबेलूर से गुरुवार 27 अक्टूबर की सुबह फिर से शुरू होगी। यात्रा करीब 7 नवंबर को महाराष्ट्र में प्रवेश करने से पहले मकथल पहुंचेगी। तेलंगाना में यात्रा 16 दिन चलेगी। इस दौरान यात्रा 19 विधानसभा और सात संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और 375 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।