भाजपा ने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है, भारत मां की हत्या की है, लोकसभा में बोले राहुल गांधी

इन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है। सिर्फ मणिपुर की नहीं की। इनकी राजनीति ने मणिपुर को नहीं, हिंदुस्तान को मारा, हिंदुस्तान को कत्ल किया, उसका मर्डर किया: राहुल गांधी

Updated: Aug 09, 2023, 01:03 PM IST

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में अविश्वास प्रस्ताव पर दूसरे दिन की बहस राहुल गांधी की स्पीच के साथ शुरू हुई। इस दौरान राहुल गांधी ने मणिपुर हिंसा का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा, 'कुछ दिन पहले मैं मणिपुर गया। हमारे प्रधानमंत्री आज तक नहीं गए, क्योंकि उनके लिए मणिपुर हिंदुस्तान नहीं है। मैंने मणिपुर शब्द प्रयोग किया। आज की सच्चाई यह है कि मणिपुर नहीं बचा है। मणिपुर को आपने बांट दिया है, तोड़ दिया है।'

राहुल गांधी ने कहा, 'मणिपुर में मैं रिलीफ कैंप में गया, महिलाओं से बात की, बच्चों से बात की, प्रधानमंत्रीजी ने आज तक नहीं किया। एक महिला से मैंने पूछा- बहन आपके साथ क्या हुआ? उसने कहा- मेरा छोटा सा बेटा, एक ही बच्चा था मेरा, मेरी आंखों के सामने उसे गोली मारी है। मैं पूरी रात उसकी लाश के साथ लेटी रही। मुझे डर लगा और घर छोड़ दिया, जो भी मेरे पास था, वो छोड़ दिया। ये झूठ नहीं है। झूठ आप लोग बोलते हो, मैं नहीं। मैंने महिला से पूछा कुछ तो लाईं होंगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ कपड़े और एक फोटो है।'

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है, राहुल गांधी ने संसद में दिए यात्रा पार्ट 2 के संकेत

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'एक और उदाहरण है। दूसरे कैंप में एक महिला से पूछा कि क्या हुआ? जैसे ही मैंने यह सवाल पूछा- एक सेकेंड में वो कांपने लगी। उसने अपने दिमाग में वो दृश्य सोचा और मेरे सामने कांपती हुई बेहोश हो गई। ये सिर्फ दो उदाहरण है। इन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है। सिर्फ मणिपुर की नहीं की। इनकी राजनीति ने मणिपुर को नहीं, हिंदुस्तान को मारा, हिंदुस्तान को कत्ल किया, उसका मर्डर किया।' इस दौरान सत्तापक्ष के सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया।

हंगामे के बाद राहुल गांधी ने फिर कहा, 'जैसे मैंने भाषण की शुरुआत में बोला कि भारत एक आवाज है। जनता की आवाज है, दिल की आवाज है। उस आवाज की हत्या आपने मणिपुर में की, इसका मतलब भारत माता की हत्या आपने मणिपुर में की। आप देशद्रोही हो, आप देशभक्त नहीं हो। इसीलिए आपके प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं जा सकते हैं क्योंकि उन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान, भारत माता की हत्या की है। आप भारत माता के रखवाले नहीं, आप भारत माता के हत्यारे हो।'