बीजेपी ने ऑफर किया उपमुख्यमंत्री का पद, कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार का बड़ा दावा

कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी, कांग्रेस और जेडीएस सभी बड़ी पार्टियां जीतने के लिए हर संभव तैयारियों में लगी हैं।

Updated: Apr 03, 2023, 11:24 AM IST

बेंगलुरु। कर्नाटक चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी, कांग्रेस और जेडीएस सभी बड़ी पार्टियां जीतने के लिए हर संभव तैयारियों में लगी हैं। इसी बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने बड़ा दावा किया है। शिवकुमार ने कहा कि उन्हें पाला बदलने के लिए डिप्टी सीएम का पद ऑफर किया गया है।

डीके शिवकुमार ने ये बात एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में कही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के बड़े नेताओं ने उनसे संपर्क किया और पार्टी ज्वाइन करने के बदले डिप्टी सीएम का पद ऑफर किया। शिवकुमार के इस खुलासे के बाद प्रदेश की सियासत में खलबली मच गई है। फिलहाल, बीजेपी की ओर से इस मामले में कोई बयान नहीं आया है।

यह भी पढ़ें: मोदी सरनेम केस के फैसले को आज सूरत कोर्ट में चुनौती देंगे राहुल गांधी, 3 राज्यों के सीएम रहेंगे साथ

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 10 मई को एक ही चरण में होंगे। परिणाम 13 मई को घोषित किए जाएंगे। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कुल 224 विधानसभा सीटों में से 140 से ज्यादा सीटों पर जीत मिलने का बड़ा दावा किया है। इतना ही नहीं उनका यह भी दावा है कि बीजेपी के कई विधायक कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं। वर्तमान में यहां बीजेपी के पास 119 सीटें हैं। कांग्रेस के पास 75 सीटें हैं। जद (एस) के पास 28 विधायक हैं। दो सीटें खाली हैं।

बता दें कि चुनाव पूर्व एबीपी न्यूज सीवोटर ने सर्वे किया है। इस सर्वे में 24 हजार 759 लोगों की राय ली गई है। उनसे अलग-अलग सवाल पूछे गए हैं। सर्वे रिजल्ट में कर्नाटक के सीएम के तौर पर पहली पसंद सिद्धारमैया को बताया गया है। वह 39 फीसदी जनता की पहली पसंद हैं। सर्वे में दिलचस्‍प पहलू यह है कि इसमें कांग्रेस को बढ़‍त दी गई है। 224 सीटों में कांग्रेस 115-127 सीटें पाती द‍िख रही है। वहीं, बीजेपी 68 से 80 सीटें मिलती दिख रही हैं।