जम्मू के डोडा में बादल फटने से तबाही, 4 लोगों की मौत, वैष्णो देवी में लैंडस्लाइड के बाद यात्रा रोकी गई
वैष्णो देवी में अर्धकुमारी के पास लैंडस्लाइड की खबर सामने आई है। इस हादसे में कुछ लोग घायल हुए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

जम्मू कश्मीर। जम्मू के डोडा जिले में मंगलवार को कई जगहों पर बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इस सैलाब में 10 से 15 घर बह गए। डोडा में पिछले 24 घंटे के दौरान 4 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, ये मौतें किन इलाकों में हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
उधर, वैष्णो देवी में अर्धकुमारी के पास लैंडस्लाइड की खबर सामने आई है। इस हादसे में कुछ लोग घायल हुए हैं। रेस्क्यू जारी है। खराब मौसम के कारण वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यह जानकारी दी है। बोर्ड ने अभी इसके फोटो-वीडियो जारी नहीं किए हैं।
जम्मू-कश्मीर में लगातार तीन दिन से रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है। राज्य में दो दिनों के लिए स्कूल बंद कर दिए हैं। कई सड़कें और रेल सेवाएं ठप हैं। जम्मू-श्रीनगर और बटोटे-किश्तवाड़ सहित कई नेशनल हाईवे भी बंद हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही रुक गई है।
इससे पहले, किश्तवाड़ जिले के चसोटी गांव में 14 अगस्त को बादल फटा था। इसमें 65 लोगों की मौत हुई थी। 200 लोग अब भी लापता हैं। बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में मचैल माता यात्रा के लिए पहुंचे कई श्रद्धालु, उनकी बसें, टेंट, लंगर और दुकानें बह गई थीं।