कांग्रेस को मिला उद्धव सेना का समर्थन, भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए आदित्य ठाकरे

भारत जोड़ो यात्रा का 65वां दिन, राहुल गांधी के साथ कदमताल करते दिखे उद्धव ठाकरे, कल एनसीपी चीफ शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले भी हुईं थीं यात्रा में शामिल।

Updated: Nov 12, 2022, 03:25 AM IST

मुंबई। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा' का आज 65वां दिन है। यात्रा महाराष्ट्र से गुजर रही है जहां कांग्रेस को भरपूर जनसमर्थन मिल रहा है। महाराष्ट्र में विपक्षी एकता भी देखने को मिली है। नफरत के खिलाफ इस यात्रा में सुप्रिया सुले के बाद उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे भी शामिल हुए।

शुक्रवार को यात्रा के 65वें दिन की शुरुआत महाराष्ट्र में नांदेड़ के अर्धापुर गांव से की गई। यहां पर राहुल गांधी कुछ स्थानों पर रुके और स्थानीय लोगों से बातचीत की। शाम करीब चार बजे यात्रा के दूसरे पड़ाव में उद्धव ठाकरे, महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे और शिवसेना विधायक सचिन अहीर के साथ पैदल मार्च में शामिल हुए।

इस दौरान ठाकरे ने गर्मजोशी के साथ राहुल गांधी से मुलाकात की और यात्रा में साथ कदमताल करते दिखे। यात्रा के दौरान दोनों नेताओं को काफी देर तक बातचीत करते भी देखा गया। भारत जोड़ो यात्रा को शिवसेना उद्धव कैंप का समर्थन मिलना बेहद अहम माना जा रहा है। इससे देशभर में विपक्षी एकता का संदेश मिला है। 

यह भी पढ़ें: SC ने देश की भावना के अनुरूप कार्य नहीं किया, राजीव गांधी के हत्यारों को रिहा करने के आदेश पर बोली कांग्रेस

इससे पहले गुरुवार को एनसीपी चीफ शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले भी यात्रा में शामिल हुईं थीं। इस दौरान एनसीपी सांसद ने राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर एकता का संदेश दिया। उन्होंने इस ऐतिहासिक यात्रा के लिए राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह और कांग्रेस पार्टी को धन्यवाद भी दिया।

यात्रा में स्वयं शरद पवार भी शामिल होने वाले थे। हालांकि, तबियत खराब होने के कारण उन्हें अचानक अस्पताल में भर्ती होना पड़ा और डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। पावर कि अनुपस्थिति में एनसीपी की ओर से उनकी बेटी सुप्रिया सुले यात्रा से जुड़ीं। महाविकास अघाड़ी के दोनो घटक दलों ने यात्रा को खुलकर समर्थन दिया है। आगामी चुनावों को लेकर इसे बेहद अहम माना जा रहा है।

बता दें कि यह यात्रा सात नवंबर की रात को पड़ोसी राज्य तेलंगाना से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में पहुंचा था। महाराष्ट्र से पहले यात्रा 5 राज्यों को कवर कर चुकी है। यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। राज्य में यात्रा को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई।