Bihar Elections: बिहार में होगा किसानों का कर्ज माफ, बिजली बिल हाफ, कांग्रेस ने घोषणापत्र में किया वादा

कांग्रेस ने घोषणा पत्र को बदलाव पत्र नाम दिया है, सत्ता में आने पर लड़कियों को मुफ्त शिक्षा देने का भी वादा

Updated: Oct 22, 2020, 12:11 AM IST

Photo Courtesy: National Herald
Photo Courtesy: National Herald

पटना। बिहार चुनाव में मतदान से एक हफ्ते पहले कांग्रेस ने अपना घोषणपत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र को बदलाव पत्र का नाम दिया है। कांग्रेस ने बिहार की जनता से वादा किया है कि अगर राज्य में उसके गठबंधन की सरकार बनी तो राज्य के सभी किसानों का कर्ज़ा माफ किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य के उपभोक्ताओं का बिजली बिल भी हाफ किया जाएगा। यानी उपभोक्ताओं को बिजली बिल का आधा हिस्सा ही भुगतान करना होगा।

लड़कियों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा का वादा 
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि राज्य में उसकी सरकार बनने पर बच्चियों को नर्सरी से कॉलेज तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। साथ ही बारहवीं में 90 प्रतिशत से ज़्यादा अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को कांग्रेस ने स्कूटी देने का वादा भी किया है। मैथिली भाषा के विकास के लिए कांग्रेस ने स्कूलों में इसे अनिवार्य विषय घोषित करने का वादा भी अपने घोषणापत्र में किया है। कांग्रेस ने सत्ता में आने पर राज्य के दस लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा भी दोहराया है। राज्य में महागठबंधन की प्रमुख पार्टी आरजेडी ने भी बिहार के नौजवानों से यही वादा किया है।  

कांग्रेस ने कहा है कि सत्ता में आने पर 18 महीनों के दौरान 2 लाख 42 हजार शिक्षकों के पदों पर बहाली की जाएगी। बेरोज़गारी की मार झेल रहे राज्य के युवाओं को कांग्रेस ने हर महीने 1500 रुपये का बेरोज़गारी भत्ता देने का वादा भी किया है। कांग्रेस ने बिहार में महिला उत्पीड़न पर लगाम लगाने और राज्य में पत्रकार सुरक्षा क़ानून लाने की भी बात कही है। कांग्रेस बिहार में तेजस्वी यादव की पार्टी आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन में शामिल है।