देश में फिर डरा रहा कोरोना, पिछले 24 घंटे में 700 से अधिक नए मामले, 6 लोगों की हुई मौत
देश में एक्टिव केसों की संख्या 3726 हो गई है। केरल में सबसे ज्यादा 1336 मामले हैं। वहीं महाराष्ट्र में 749 और दिल्ली में 375 एक्टिव केस हैं।

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शनिवार तक सक्रिय मामलों की संख्या 3726 हो गई है। केरल में सबसे ज्यादा 1336 मामले हैं। वहीं महाराष्ट्र में 749 और दिल्ली में 375 एक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटे में 700 से ज्यादा नए केस सामने आए हैं।
कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। बीते 24 घंटे में 6 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। शनिवार को बेंगलुरु में 63 साल के व्यक्ति की मौत हो गई है। उसे दोनों वैक्सीन के साथ बूस्टर डोज भी लगी थी। वहीं दिल्ली में 60 साल के बुजुर्ग की मौत हुई है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 7 लोगों ने जान गंवाई है।
कर्नाटक सरकार ने शनिवार को पब्लिक एडवाइजरी जारी की। इसमें लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और स्वच्छता का खास ध्यान रखने की अपील की है। बुखार, खांसी, सीने में दर्द या सांस लेने दिक्कत होने पर तुरंत जांच करने को कहा गया है।
महाराष्ट्र सरकार ने बताया कि शनिवार को कोविड के 68 नए मामले सामने आए। जबकि मुंबई में जनवरी 2025 से अब तक कुल 749 केस मिले हैं। जनवरी से अब तक राज्य में 9592 कोविड-19 टेस्ट किए गए। वहीं, जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को कोविड-19 के दो मामले सामने आए थे। दोनों मरीज केरल के रहने वाले हैं और श्रीनगर के गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं।
भारत के कई राज्यों में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी के बीच देश में चार नए वैरिएंट मिले हैं। ICMR के डायरेक्टर डॉ. राजीव बहल ने बताया कि दक्षिण और पश्चिम भारत से जिन वैरिएंट की सीक्वेंसिंग की गई है, वे LF.7, XFG , JN.1 और NB.1.8.1 सीरीज के हैं। बाकी जगहों से नमूने लेकर सीक्वेंसिंग की जा रही है, ताकि नए वैरिएंट की जांच की जा सके।