दिवाली पर कई राज्यों में तबाही मचा सकता है चक्रवात सितरंग, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

चक्रवात 'सितरंग' 25 अक्टूबर की सुबह के आसपास तिनकोना द्वीप और सैंडविच के बीच बांग्लादेश तट को पार करेगा।

Updated: Oct 23, 2022, 10:38 AM IST

बंगाल की खाड़ी में एक साइक्लोन यानी चक्रवात बना है, जो तेजी से भारत की तरफ बढ़ रहा है। दिवाली पर कई राज्यों में इस तूफान का असर देखने को मिल सकता है। 25 अक्टूबर को इसके पश्चिम बंगाल के तट से टकराने की आशंका है। इसकी वजह से कई इलाकों में दीपावली के दौरान भारी बारिश होने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

भारतीय मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, कुछ राज्यों में दिवाली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के दिन चक्रवाती तूफान सितरंग की वजह से भारी बारिश हो सकती है। मौसम की चेतावनी है कि साइक्लोन (चक्रवाती तूफान) सितरंग कई राज्यों में तबाही भी मचा सकता है। मौसम विभाग का यह अलर्ट पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत कई राज्यों के लिए है।

कोलकाता में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के उप महानिदेशक संजीव बंदोपाध्याय के अनुसार, पश्चिम बंगाल के उत्तर-24 परगना और दक्षिण-24 परगना जिलों में अलग-अलग स्थानों पर दिवाली के दिन भारी से बहुत भारी बारिश होगी। जबकि पश्चिम मेदिनीपुर में भारी बारिश हो सकती है। 25 अक्टूबर (गोवर्धन पूजा के दिन) को नदिया, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में भारी वर्षा होने की संभावना है। दोनों दिनों कोलकाता, हावड़ा और हुगली में मध्यम वर्षा हो सकती है।

यह भी पढ़ें: ग्वालियर में लोग नहीं कर सकेंगे आतिशबाजी, कलेक्टर का आदेश जारी, गांव में ग्रीन पटाखों पर दो घंटे की छूट

वहीं, भुवनेश्वर में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, जाजपुर, क्योंझर, कटक और खुर्दा जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार, आज भी बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश समेत बंगाल के तटीय इलाकों में बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे मध्य बंगाल की खाड़ी के गहरे समुद्र क्षेत्र में और 23 से 26 अक्टूबर के बीच ओडिशा और बंगाल के तटों के साथ और बाहर न जाएं। अपने ताजा बुलेटिन में आईएमडी ने कहा है, 'साइक्लोन सितरंग का केंद्र निम्न दबाव वाले क्षेत्र बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी से सटे दक्षिण-पूर्व में है। यह 23 अक्टूबर की सुबह तक पूर्व-मध्य और इससे सटे बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी पर बड़ा असर डाल सकता है।'