दिल्ली में वीकएंड कर्फ्यू का एलान, कोरोना की रफ्तार कम करने की कवायद में जुटा DDMA

दिल्ली में 4 हजार से ज्यादा कोरोना मरीजों के मिलते ही लागू हो रहीं सख्त पाबंदियां, शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक होगा कर्फ्यू, वर्तमान में जारी है नाइट कर्फ्यू

Updated: Jan 04, 2022, 08:32 AM IST

Photo Courtesy: india.com
Photo Courtesy: india.com

दिल्ली। देश में कोरोना के रिकॉर्ड मरीज मिलते ही राज्यों ने प्रतिबंध लगाना शुरू कर दिया है। दिल्ली में बीते 24 घंटों में 4099 मरीज मिले है। जिसके बाद पॉजिटिविटी रेट 6.46% पहुंच गया है। दिल्ली में ओमिक्रॉन के 84 प्रतिशत केस मौजूद हैं।यहां ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या 382 हो गई है, जिसमें से 51 ठीक हो गए हैं, एक्टिव ओमिक्रॉन मरीजों की संख्या 325 है। प्रदेश के मुखिया अरविंद केजरीवाल भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। दिल्ली में बढ़ते मरीजों की संख्या की वजह से दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने वीकएंड कर्फ्यू का फैसला लिया है।

शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा। शनिवार औऱ रविवार का कर्फ्यू इसी सप्ताह से लागू किया जा सकता है। इस दौरान लोगों को घरों में ही रहने को कहा गया है। वहीं अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर सबकुछ बंद रखा जा सकता है। फिलहाल इसके लिए गाइडलाइन की घोषणा नहीं की गई है। 

इस फैसले को लेकर दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट जल्द ही आदेश जारी करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि इस दौरान कुछ नए प्रतिबंधों का ऐलान भी किया जा सकता है। वर्तमान में दिल्ली में रात्रिकालीन कर्फ्यू पहले से ही लागू है। वहीं दिल्ली में समस्त सरकारी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने को कहा गया है।

और पढ़ें: देश में एक दिन में मिले 37 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज, दिल्ली के मुख्यमंत्री भी कोरोना की चपेट में

वहीं निजी दफ्तरों में आधी क्षमता से बुलाया जा सकता है, बाकी 50 प्रतिशत कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करना होगा। दिल्ली एम्स ने 5 से 10 जनवरी तक की सर्दी की छुट्टियां रद्द करने का फैसला लिया है। छुट्टी पर गए सभी स्टाफ जल्द से जल्द लौटने को कहा गया है। दिल्ली में गैरजरूरी आवाजाही पहले से ही बैन है।