देश में एक दिन में मिले 37 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज, दिल्ली के मुख्यमंत्री भी कोरोना की चपेट में

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल समेत अब तक विभिन्न प्रदेशों के आधा दर्जन से ज्यादा मुख्यमंत्री हो चुके हैं कोरोना का शिकार, संक्रमितों की लिस्ट में कई केंद्रीय मंत्री, सांसद भी हैं शामिल

Updated: Jan 04, 2022, 06:52 AM IST

Photo Courtesy: tv9 bharatvarsh
Photo Courtesy: tv9 bharatvarsh

दिल्ली। कोरोना की तीसरी लहर का असर तेजी से नजर आ रहा है। भारत में बीते 24 घंटों में 37 हजार से ज्यादा नए कोविड 19 पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। जिसके बाद देश का पॉजिटिविटी रेट 3.24 प्रतिशत हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को 37,379 नए कोरोना मरीज मिले हैं। 11,007 लोग कोरोना से रिकवर हुएहै। कोरोना संक्रमण से 124 मरीजों की मौत हो चुकी है।

क्या आम और क्या खास सभी महामारी की चपेट में आते जा रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। हाल ही में वे देहरादून,लखनऊ, अमृतसर और चंडीगढ़ के दौरे पर थे। यह पहला मौका नहीं है जब किसी राज्य के मुख्यमंत्री कोरोना की चपेट में आए हैं। कोरोना की दूसरी लहर में करीब 8 मुख्यमंत्रियों को कोरोना संक्रमण हो चुका है। इनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येद्दियुरप्पा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत कोरोना की चपेट में आ गए थे। वहीं कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को संदिग्ध मरीज के संपर्क में आने के बाद खुद को आइसोलेट करना पड़ा था। इनमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को होम क्वारंटाइन रह चुके हैं।

और पढ़ें: MP में कोरोना का कहर जारी, एक दिन में इंदौर में मिले 137 मरीज, एक मौत भी हुई

कोरोना काल में कई केंद्रीय मंत्री भी महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडे, गृह मंत्री अमित शाह, धर्मेंद्र प्रधान, कृष्णपाल गुर्जर, गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई मंत्री शामिल हैं। वहीं महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री समेत अब तक 10 मंत्री और 20 विधायक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता ओमन चांडी,उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी संक्रमित रह चुके हैं।सोमवार को ही बीजेपी सांसद मनोज तिवारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

वर्तमान में देश में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 1,71,830 है, कुल 3,43,06,414 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। देशभर में करीब 8,82,017 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। देश में कोरोना वैक्सीनेशन का काम तेजी से जारी है। अब तक 1.46 अब से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी। 3 जनवरी से 15 साल से उपर के किशोरों का वैक्सीनेशन भी शुरू हो चुका है।