पत्नी से बात करने से मना करने पर दोस्तों ने ले ली थी फिरोज की जान, सुलझ गई ग्रेटर नोएडा हत्या मामले की गुत्थी

हत्या वाले दिन फिरोज और उसके दो दोस्त साथ बैठ कर शराब पी रहे थे, इसी दौरान पत्नी से बात करने को लेकर फिरोज का उसके दोस्तों के साथ झगड़ा हो गया, जिसके बाद उसके दोस्तों ने उसकी हत्या कर दी

Updated: Apr 17, 2021, 05:37 AM IST

Photo Courtesy: DNA India
Photo Courtesy: DNA India

नोएडा। मार्च महीने में ग्रेटर नोएडा में फिरोज नामक व्यक्ति की हुई हत्या की गुत्थी अब सुलझ गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिरोज का कत्ल उसके दो दोस्तों ने सुलेमान और नजरुल इस्लाम ने किया। कत्ल करने का कारण फिरोज का विरोध था। फिरोज ने अपनी पत्नी से बात करने से दोनों दोस्तों को मना किया था। जिस वजह से तीनों दोस्तों में विवाद हुआ और दोनों ने मिलकर फिरोज की हत्या कर दी। 

दरअसल 2 मार्च को पुलिस ने शाहबोरी गांव के रहने वाले फिरोज का शाव बरामद किया था। पुलिस फिरोज की हत्या मामले की जांच कर रही थी। इसी मामले की जांच करने के दौरान पुलिस को फिरोज के दो दोस्तों सुलेमान और नजरुल इस्लाम पर शक गया। दोनों ही व्यक्ति फिरोज के साथ राज मिस्त्री का काम किया करते थे। 

हत्या वाले दिन तीनों शराब पी रहे थे। फिरोज ने दोस्तों से कहा था कि वे दोनों ही उसकी पत्नी पर गलत नज़र रखते हैं। इसलिए फिरोज ने दोनों ही दोस्तों को बात करने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर तीनों में झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने फिरोज को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को पता चला है कि दोनों आरोपियों में से एक सुलेमान कुख्यात आशु जाट गैंग का सक्रिय सदस्य है।