Hathras Gangrape: हाथरस में दलित युवती से गैंगरेप के बाद काट दी थी जीभ, 15 दिनों बाद दिल्ली में दम तोड़ा

Rape in UP: 19 वर्षीय युवती के साथ 14 सितम्‍बर को हाथरस के चंदपा थाना क्षेत्र में हुई थी दरिंदगी, वहशियों ने तोड़ दी थी पीडि़ता की रीढ़ की हड्डी

Updated: Sep 29, 2020, 08:27 PM IST

नई दिल्ली। हाथरस में गैंगरेप का शिकार 19 वर्षीय एक दलित युवती ने दम तोड़ दिया। 14 सितम्बर को चार दरिंदों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म कर, उसकी जीभ काट दी थी। पीड़िता को शुरू में अलीगढ़ के जेएन कॉलेज में भर्ती किया गया था। हालत बिगड़ने के बाद उसे दिल्ली के सफदर जंग अस्पताल लाया गया था, जहां युवती ने दम तोड़ दिया है। 

युवती के साथ हाथरस के चंदपा थाना क्षेत्र के एक गांव में सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। पूरे मामले में पुलिस की जांच पर अब सवाल उठ रहे हैं। भले ही पुलिस ने शनिवार को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन जांच की प्रक्रिया पर कई सवाल उठ रहे हैं। 

और पढ़ें: यूपी के लखीमपुर खीरी में तीन साल की बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या

दरअसल घटना के बाद पुलिस की ओर से बार बार लोग पीड़िता के बयान दर्ज करने पहुंच रहे थे। पीड़िता की हालत गंभीर होने के चलते वो इशारों में जवाब दे पा रही थी। पुलिस ने पूरे मामले में पुलिस ने हर दफा अलग अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। दुष्कर्म की वारदात घटने के एक हफ्ते बाद 21 सितम्बर को जब पुलिस की एक टीम मुकदमा दर्ज करने पहुंची तब पुलिस ने छेड़खानी का मामला ही दर्ज किया। अगले दिन अपराध को आठ दिन होने के बाद पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया। 

और पढ़ें: Bhadohi Rape case: किशोरी से रेप के बाद तेज़ाब से जलाया

पीड़िता की मृत्यु के बाद अब आरोपियों के खिलाफ जांच तेज़ करने की मांग और बढ़ गई है। इससे पहले अलीगढ़ के जेएन कॉलेज कॉलेज में भीम आर्मी प्रमुख चन्द्रशेखर रावण युवती से मिलने पहुंचे थे। बीएसपी प्रमुख मायावती ने भी यूपी सरकार से जल्द से जल्द जांच पूरी करने की मांग की है। वहीं कांग्रेस की ओर से भी एक प्रतिनिधि मंडल अलीगढ़ के जेएन मेडिकल पहुंचा था।

 

 

यूपी की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सीएम आप जवाबदेह: प्रियंका गांधी 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है कि हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है। यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के क़ातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। योगी आदित्य नाथ उप्र की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति आप जवाबदेह हैं।