हिमाचल में बीजेपी के 10 में से 8 कैबिनेट मंत्री हार गए चुनाव, कांग्रेस की नीतियों पर लोगों ने जताया भरोसा

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में 40 सीटों पर कब्जा जमाया है, बीजेपी 25 सीटों पर सिमटी, तीन सीटों पर निर्दलिय उम्मीदवारों का कब्जा

Updated: Dec 09, 2022, 06:39 AM IST

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की धुआंधार रैलियों के बाद भी सत्ताधारी दल भाजपा महज 25 सीटों पर सिमट कर रह गई। खास बात ये है कि बीजेपी के 10 में से 8 कैबिनेट मंत्री चुनाव हार गए।

बीजेपी को इस बार 2017 विधानसभा चुनाव के मुकाबले उसे 19 सीटों का नुकसान हुआ है। स्थिति ये रही की जयराम ठाकुर कैबिनेट के 10 में से 8 मंत्री चुनाव हार गए। चुनाव हारने वाले मंत्रियों में सुरेश भारद्वाज, रामलाल मारकंडा, वीरेंद्र कंवर, गोविंद सिंह ठाकुर, राकेश पठानिया, डॉ. राजीव सैजल, सरवीण चौधरी, राजेंद्र गर्ग शामिल हैं। जयराम ठाकुर कैबिनेट में उनके अलावा सिर्फ दो मंत्री बिक्रम ठाकुर और सुखराम चौधरी ही चुनाव जीत पाए।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में कांग्रेस की जीत पर राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया, बोले- हर वादा निभाएंगे

देर शाम तक राज्य की 68 सीटों पर वोटों की गिनती समाप्त हो गई है। अंतिम नतीजों में कांग्रेस ने बहुमत के लिए जरूरी 35 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है। कांग्रेस 40 सीटें जीत चुकी है। वहीं आम आदमी पार्टी पहाड़ में खाता भी नहीं खोल पाई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नतीजों के बाद इस्तीफा दे दिया। इधर, कांग्रेस ने नए सरकार के गठन के लिए चंडीगढ़ में निर्वाचित विधायकों की कल बैठक बुलाई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिमाचल में जीत के बाद कांग्रेस में CM चेहरे को लेकर मंथन शुरू हो गया है। नई सरकार के गठन को लेकर कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक शुक्रवार को चंडीगढ़ में रखी गई है। इसमें हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला और छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के लिए हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को प्रबल दावेदार माना जा रहा है।