हिमंता देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री, असम की जनता को दिया धोखा: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा था असम के हिमंता भारत के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं, वे सिर्फ नफरत फैलाते हैं। कांग्रेस के सत्ता में आने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गुवाहाटी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम के विश्वनाथ चरियाली में चुनावी रैली में कहा कि हिमंता सरमा देश के सबसे भ्रष्ट और सबसे सांप्रदायिक मुख्यमंत्री हैं। हिमंता सरमा ने असम की जनता को धोखा दिया है और गुमराह किया है। इसका सबूत जनता के सामने है। असम की जनता उनके भ्रष्टाचार को कभी माफ नहीं करेगी, सजा तय करेगी।
राहुल गांधी ने कहा कि असम के भ्रष्ट मुख्यमंत्री कितना भी जोर लगा लें- वो जनता और कांग्रेस के 'बब्बर शेरों' से बच नहीं सकते। यहां सत्ता बदलेगी और जनता के लिए काम करने वाली कांग्रेस की सरकार आएगी। हिमंता बिस्वा सरमा, नरेंद्र मोदी और अमित शाह के इशारे के बिना 'चूं' नहीं कर सकते हैं। नरेंद्र मोदी, अमित शाह, हिमंता, अडानी... ये सभी बिजनेस पार्टनर हैं, जो मिलकर असम को लूटने का काम कर रहे हैं। लेकिन ये लोग याद रखें, कांग्रेस के 'बब्बर शेर' इन्हें छोड़ने वाले नहीं हैं। कांग्रेस ने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी थी, ये तो हिमंता बिस्वा सरमा ही है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि असम एक फूलों का गुलदस्ता है, जिसमें अलग-अलग धर्म, जाति, विचारधारा के लोग रहते हैं। आपने मुझे गोरखा का चिन्ह दिया है। आप सरहद पर देश की रक्षा करते हैं, आपने देश को बहुत कुछ दिया है। यहां की हर कम्युनिटी असम की ताकत है।
राहुल गांधी ने कहा कि डोनाल्ड ट्रम्प नरेंद्र मोदी को कंट्रोल करते हैं, और नरेंद्र मोदी और अमित शाह आपके मुख्यमंत्री को कंट्रोल करते हैं, असम दिल्ली से चलता है। हिमंता ने भ्रष्टाचार में अपने परिवार को शामिल करके एक बड़ी गलती भी की है, अब उनके परिवार पर भी आरोप लगेंगे। हम साफ तौर पर कह रहे हैं कि हम असम के 6 समुदायों को SC/ST का दर्जा देंगे। हमने अपने घोषणापत्र में यह भी जिक्र किया है कि हम चाय बागान के मजदूरों को हर दिन 450 रुपए देंगे।




