गुजरात में CM को छोड़ सभी 16 मंत्रियों ने दिया इस्तीफा, कल सुबह 11.30 बजे नई कैबिनेट की होगी शपथ

गुजरात सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जाना है। ऐसे में हाईकमान के निर्देश पर सभी मंत्रियों से इस्तीफा लिया गया है।

Updated: Oct 16, 2025, 05:37 PM IST

गांधीनगर। गुजरात की सियासत से बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर बाकी सभी 16 मंत्रियों ने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। कैबिनेट के सामूहिक इस्तीफे के बाद राज्य की सियासत गर्मा गई है।

दरअसल, गुजरात सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जाना है। ऐसे में हाईकमान के निर्देश पर सभी मंत्रियों से इस्तीफा लिया गया। राज्य कैबिनेट का शुक्रवार को विस्तार किया जाएगा। मनोनीत मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11.30 बजे गांधीनगर के महात्मा मंदिर में होगा। राज्यपाल आचार्य देवव्रत समारोह के दौरान विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक नई कैबिनेट में 2 डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। मंत्रिमंडल में नए चेहरों को मौका मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस से भाजपा में आए विधायक भी मंत्री बन सकते हैं। गुजरात की मौजूदा कैबिनेट में सीएम पटेल समेत 17 मंत्री थे, जिसमें आठ कैबिनेट रैंक के मंत्री हैं, जबकि इतने ही राज्य मंत्री (MoS) हैं।

गुजरात विधानसभा में 182 विधायक हैं। इस लिहाज से गुजरात सरकार में सीएम समेत 27 मंत्री हो सकते हैं। जिन विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिलनी है, उन्हें फोन कर सूचना दे दी गई है। शपथ समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा उपस्थित रहेंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार रात करीब 9 बजे गुजरात पहुंचेंगे। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार सुबह गुजरात पहुंच रहे हैं। आज राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सुनील बंसल गुजरात आ चुके हैं। शाम तक राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मुंबई में एक कार्यक्रम से गुजरात लौट आएंगे। उसके बाद रात 8 बजे उनके आवास पर मीटिंग होगी। इसके बाद राज्यपाल को नए मंत्रियों की सूची भी सौंपी जाएगी।