GuinnessWorldRecord : टाइगर सर्वे में सबसे आगे भारत
2018 Tiger Survey: विश्व के 75 प्रतिशत बाघ भारत में, सर्वे में बाघों की 76,651 तस्वीरें

भारत की 2018 बाघ गणना ने कैमरा ट्रैपिंग के जरिए दुनिया का सबसे बड़ा वन्यजीव सर्वेक्षण का रिकॉर्ड बनाया है। इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह दी गई है। अखिल भारतीय बाघ अनुमान 2018 के चौथे चक्र में देश में 2,967 बाघों या विश्व के कुल बाघों की 75 प्रतिशत संख्या का अनुमान लगाया गया। भारत सरकार ने पिछले साल विश्व बाघ दिवस के मौके पर इसके परिणामों की घोषणा की थी। इस सर्वे में कैमरे को 141 विभिन्न क्षेत्रों में 26,838 स्थानों पर लगाया गया था और 1,21,337 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र का सर्वेक्षण किया गया।
PM @narendramodi के नेतृत्व में भारत ने "संकल्प से सिद्धि" के माध्यम से लक्ष्य से 4 साल पहले बाघों की संख्या को दोगुना करने का संकल्प पूरा किया। ऑल इंडिया टाइगर एस्टीमेशन का सबसे बडा कैमरा ट्रैप अब #GuinnessWorldRecord में शामिल हुआ।@GWR @moefcc @PIBHindi @DDNewsHindi
— Prakash Javadekar (@PrakashJavdekar) July 11, 2020
इस उपलब्धि को एक महान क्षण करार देते हुए, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट किया, ‘‘अखिल भारतीय बाघ अनुमान अब गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में सबसे बड़ा कैमरा ट्रैप वन्यजीव सर्वेक्षण के तौर पर दर्ज हो गया है। वास्तव में एक महान क्षण और यह आत्मनिर्भर भारत का एक शानदार उदाहरण है।’’
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की वेबसाइट पर कहा गया, ‘‘2018-19 में आयोजित सर्वेक्षण का चौथा चक्र संसाधन और संकलित आंकड़े, दोनों के संदर्भ में अब तक का सबसे व्यापक सर्वेक्षण था।’’
वेबसाइट के मुताबिक, ‘‘कुल मिलाकर, कैमरे ने वन्यजीवों की 3,48,58,623 तस्वीरें लीं, जिनमें 76,651 बाघ की तस्वीरें थीं और 51,777 तेंदुए की तस्वीरें थीं, शेष अन्य जीवों की तस्वीरें थीं। इन तस्वीरों से स्ट्रिप-पैटर्न-पहचान सॉफ्टवेयर का उपयोग करके 2,461 (शावकों को छोड़कर) अलग-अलग बाघों की पहचान की गई।’’