कर्नाटक में नए सीएम को लेकर मंथन शुरू, कांग्रेस ने सुशील शिंदे, जितेंद्र सिंह, दीपक बाबरिया को बनाया पर्यवेक्षक

कर्नाटक में डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया कांग्रेस के दोनों ही प्रभावशाली नेता हैं और दोनों मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। कांग्रेस आपसी सहमति से मामला हल करने की कोशिश में है।

Updated: May 14, 2023, 05:55 PM IST

नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रचंड जीत के बाद राज्य में मुख्यमंत्री कौन बनेगा इस पर आज कांग्रेस की अहम बैठक में फैसला होगा। 
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सुशील कुमार शिंदे (पूर्व मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र), जितेंद्र सिंह (एआईसीसी जीएस) और दीपक बाबरिया (पूर्व एआईसीसी जीएस) को कर्नाटक के सीएलपी नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों के रूप में नियुक्त किया है।

दरअसल, कांग्रेस ने इस मुद्दे पर विचार करने के लिए आज शाम 6 बजे बेंगलुरु के शांगरी-ला होटल में बैठक बुलाई है। इस दौरान कांग्रेस विधायक दल द्वारा एक प्रस्ताव पारित किए जाने की उम्मीद है, जो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को मुख्यमंत्री चुनने का फैसला करने के लिए छोड़ देगा।

यह भी पढ़ें: कर्नाटक फतह के बाद अब मिशन एमपी में जुटी कांग्रेस, भोपाल में वचन पत्र समिति की अहम बैठक

कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धारमैया दोनों शीर्ष नेता इस पद के दावेदार हैं। अगर मामले का समाधान सहमति से नहीं हुआ तो पार्टी के भीतर अप्रिय गतिरोध की आशंका बढ़ सकती है। हालांकि, कांग्रेस आपसी सहमति से मामला हल करने की कोशिश में है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कल शाम राज्य के दोनों शीर्ष पार्टी नेताओं के साथ एक ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे सीएलपी की बैठक से पहले राजधानी दिल्ली लौट रहे हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए लगभग एक महीने से कर्नाटक में डेरा डाला हुआ था। बता दें कि शनिवार को आए चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने कर्नाटक की सत्ता पर कब्जा जमाते हुए दक्षिणी भारत से भाजपा का सफाया कर दिया।