केजरीवाल सदी का सबसे बड़ा फ्रॉड, महिलाओं को दिया धोखा, पंजाब कांग्रेस का AAP सरकार पर हमला
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंदर सिंह राजा वडिंग, राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और प्रदेश के कुछ अन्य नेताओं ने दिल्ली में विजय चौक पर केजरीवाल के खिलाफ मार्च किया।
नई दिल्ली। कांग्रेस की पंजाब इकाई ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर चुनावी वादे के नाम पर राज्य की महिलाओं को धोखा देने का आरोप लगाया। पंजाब कांग्रेस ने कहा कि केजरीवाल राजनीति में "सदी का सबसे बड़ा फ्रॉड" है।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंदर सिंह राजा वडिंग, राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और प्रदेश के कुछ अन्य नेताओं ने दिल्ली में विजय चौक पर केजरीवाल के खिलाफ मार्च किया। उन्होंने हाथों में तख्तियां ले रखीं थीं जिन पर "पंजाब में महिलाओं को देकर धोखा, झूठे मांग रहे हैं दिल्ली में मौका" तथा कुछ और नारे लिखे थे। उन्होंने " केजरीवाल फर्जीवाल" के नारे भी लगाए।
इस मार्च में कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव तथा कुछ अन्य नेता भी शामिल हुए। माकन ने एक बार फिर कहा कि केजरीवाल "फर्जीवाल और राष्ट्र विरोधी" हैं।
यह भी पढे़ं: पीथमपुर में बवाल जारी, रामकी फैक्ट्री पर भीड़ ने किया पथराव, यहीं रखा है 337 टन जहरीला कचरा
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वडिंग ने संवाददाताओं से कहा, 'आप की सरकार ने पंजाब के लोगों से कई वादे किए थे। पंजाब में आप की सरकार बने हुए तीन साल होने को हैं। लेकिन आज पंजाब के लोग इन वादों के पूरे होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जनता ने चुनावों में इनके वादों पर भरोसा करते हुए इन्हें बहुमत दिया था।'
उन्होंने कहा, ‘आम आदमी पार्टी ने वादा किया था कि वे पंजाब की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देंगे। अब ऐसा ही वादा दिल्ली की महिलाओं से किया है। लेकिन जब इन वादों पर केजरीवाल जी से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया कि वे यह पैसा कहां से लाएंगे, इसका बजट कहां से आएगा?'