महाराष्ट्र विधानसभा सत्र से पहले 10 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव, आठ पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में

शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले हुए थे आरटी पीसीआर टेस्ट, दस कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से मचा हड़कंप

Publish: Dec 22, 2021, 06:10 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरूआत से पहले ही कोरोना का बड़ा विस्फोट हुआ है। विधानसभा और विधानमंडल से जुड़े करीब दस कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना संक्रमित पाए गए दस लोगों में आठ पुलिस के जवान हैं। 

महाराष्ट्र में बढ़ते ओमिक्रोन के मामलों के बीच दस लोगों के एक साथ संक्रमित पाए जाने से शीतकालीन सत्र पर संकट के बादल छा गए हैं। शीतकालीन सत्र से पहले विधानसभा और विधानमंडल के तमाम कर्मचारियों का आरटी पीसीआर टेस्ट कराया गया था। जिसमें आठ पुलिसकर्मियों के अलावा विधानमंडल के दो कर्मचारी भी कोरोना से संक्रमित पाए गए। 

दूसरी तरफ महाराष्ट्र में लगातार बढ़ते ओमिक्रोन के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। देश भर में अब तक ओमिक्रोन के सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र में ही दर्ज किए गए हैं। मंगलवार को ओमिक्रोन के तेरह नए मरीजों के मिलने के बाद राज्य में ओमिक्रोन संक्रमितों की कुल संख्या 67 पहुंच गई। देश भर में ओमिक्रोन संक्रमण का आंकड़ा भी 200 को पार कर चुका है। 

बीते 24 घंटों में महाराष्ट्र में कोरोना के कुल 825 मामले सामने आए थे। जिनमें ओमिक्रोन के ग्यारह मामले भी शामिल हैं। वहीं कोरोना संक्रमण के चलते राज्य में 14 लोगों की मौत भी हो गई।