अनिल देशमुख पर लगे वसूली के आरोपों की जांच करेगी उद्धव सरकार, खुद देशमुख ने की पुष्टि

इससे पहले शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में अनिल देशमुख की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे

Updated: Mar 28, 2021, 07:46 AM IST

मुंबई। मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह द्वारा अनिल देशमुख के खिलाफ लगाए गए आरोपों की महाराष्ट्र सरकार जांच करेगी। इसकी जानकारी खुद राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने दी है। हालांकि देशमुख ने बताया कि उनके ऊपर लगे आरोपों की जांच करने की मांग खुद उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से की थी। 

यह भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट ने परमबीर सिंह की याचिका पर सुनवाई करने से किया इनकार, बॉम्बे हाई कोर्ट जाने की दी नसीहत

उद्धव सरकार में गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि मेरे ऊपर लगे आरोपों की जांच करने का निर्णय मुख्यमंत्री ने लिया है। देशमुख ने बताया कि हाई कोर्ट के एक रिटायर्ड जज उनके ऊपर लगे आरोपों की जांच करेंगे। अनिल देशमुख ने उम्मीद जताई कि जल्द ही सच सबके सामने आएगा और वे निर्दोष साबित होंगे। 

यह भी पढ़ें : अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद मुंबई गए थे अनिल देशमुख, मीडिया रिपोर्ट्स में हुआ खुलासा

अनिल देशमुख पर मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने वसूली के आरोप लगाए हैं। परमबीर सिंह के मुताबिक अनिल देशमुख ने सचिन वाझे सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को मुंबई के रेस्टोरेंट और बार से प्रति महीने सौ करोड़ की उगाही करने के लिए कहा था। पूर्व कमिश्नर के आरोपों का खण्डन खुद देशमुख और एनसीपी प्रमुख शरद पवार का चुके हैं। 

यह भी पढ़ें :शरद पवार: अनिल देशमुख नहीं देंगे इस्तीफ़ा, परमबीर सिंह ने ट्रांसफर के कारण लगाए झूठे आरोप

मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर ने अनिल देशमुख पर आरोप ऐसे समय लगाए जब उनका ट्रांसफर होमगार्ड में कर दिया गया। पूर्व पुलिस कमिश्नर ने अनिल देशमुख के खिलाफ जांच कराने की मांग सुप्रीम कोर्ट से भी की थी। और साथ ही सुप्रीम कोर्ट से अपने ट्रांसफर के आदेश पर रोक लगवाने की मांग की थी। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व पुलिस कमिश्नर की याचिका पर सुनवाई से इंकार करते हुए पहले बॉम्बे हाई कोर्ट जाने की सलाह दी थी।