आदित्य ठाकरे को देखकर म्याऊं-म्याऊं चिल्ला रहे थे बीजेपी MLA, अब ढूंढ रही है महाराष्ट्र पुलिस
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बेटे नीतेश राणे ने महाराष्ट्र सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य को चिढ़ाने के लिए किया था म्याऊं-म्याऊं, अब पुलिस के डर से हुए अंडर ग्राउंड

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे को मुंह चिढ़ाना बीजेपी विधायक नितेश राणे को भारी पड़ गया है। खबर है कि केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बेटे नितेश को पुलिस ढूंढ रही है। वहीं पुलिस के डर से नितेश भी अंडरग्राउंड हो गए हैं। नितेश राणे ने पिछले हफ्ते आदित्य ठाकरे को म्याऊं-म्याऊं कर चिढ़ाया था।
दरअसल, बीते 23 दिसंबर को महाराष्ट्र विधानसभा की सीढ़ियों पर बीजेपी विधायक प्रदर्शन कर रहे थे। इसमें केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बेटे व बीजेपी एमएलए नितेश राणे भी शामिल थे। इसी दौरान मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे व महाराष्ट्र के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे विधानसभा पहुंचे। जब वे सीढियां चढ़ रहे थे, तब नितेश उन्हें चिढ़ाने के लिए म्याऊं म्याऊं चिल्लाकर हंसने लगे। हालांकि, आदित्य ने समझदारी दिखाते हुए उन्हें नजरअंदाज किया और बिना कोई प्रतिक्रिया दिए चले गए।
#WATCH Video emerges showing BJP leader Nitesh Rane taunting Maharashtra min Aaditya Thackeray as he enters Vidhan Bhavan on December 23
— ANI (@ANI) December 28, 2021
Shiv Sena's demand for Nitesh Rane's suspension from the Assembly led to brief adjournment of the session y'day
(Video source unverified) pic.twitter.com/3qYfrd6Ujk
इस घटना पर उद्धव या आदित्य ठाकरे ने तो कुछ नहीं कहा लेकिन शिवसेना के विधायकों ने कड़ी आपत्ति जताई है। शिवसेना ने सदन में कहा कि पर्यटन मंत्री के साथ अनुचित व्यवहार के लिए आरोपी विधायक को स्थायी तौर पर निलंबित किया जाए। शिवसेना विधायक सुहास कांदे ने कहा कि नेताओं के विरुद्ध अभद्र आचरण की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। हम अपने नेता का इस प्रकार से अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। मामले पर देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नितेश को उनके बर्ताव के लिए फटकार लगाई जाएगी, लेकिन उन्हें निलंबित करना उचित नहीं होगा।
यह भी पढ़ें: कालजयी शायर अकबर इलाहाबादी हुए प्रयागराजी, योगी राज में शिक्षा विभाग ने बदले शायरों के नाम
उधर महाराष्ट्र पुलिस एक दूसरे मामले में नितेश को तलाश कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शिवसेना कार्यकर्ता संतोष परब पर हिंसक हमले के मामले में गिरफ्तारी के डर से राणे अंडरग्राउंड हो गए हैं। उन्होंने सिंधुदुर्ग जिला सत्र न्यायालय में गिरफ्तारी पूर्व जमानत के लिए याचिका भी दाखिल की है। उधर उनके पिता नारायण राणे ने पुलिस पर बदनीयती से काम करने का आरोप लगाया है। बता दें कि पहले राणे ने अपने बर्ताव को सही ठहराते संवाददाताओं से कहा कि वह ऐसा करते रहेंगे।