बिहार कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह

कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अखिलेश प्रसाद सिंह को सौंपी है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।

Updated: Dec 05, 2022, 05:17 PM IST

पटना। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार से संगठनात्मक फेरबदल की शुरुआत कर दी है। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा की छुट्टी करते हुए कांग्रेस आलाकमान ने राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह को बिहार का नया प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से पत्र जारी कर इस बात की जानकारी दी गई है। 

वेणुगोपाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अखिलेश प्रसाद सिंह को सौंपी है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।

राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने मदन मोहन झा का स्थान लिया है। मदन मोहन झा बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। अखिलेश प्रसाद सिंह पहले लोकसभा के सदस्य और केंद्र में मंत्री भी रह चुके हैं। बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता आसित नाथ तिवारी ने अखिलेश प्रसाद सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर खुशी जाहिर की है। 

अखिलेश प्रसाद सिंह बिहार विधान सभा के पूर्व सदस्य और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भी रहे हैं। अखिलेश सिंह 2004 में राजद से लोकसभा का चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। तब मनमोहन सिंक की सरकार ने उन्हें कृषि, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग का मंत्री बनाया था। अखिलेश को लालू यादव का करीबी माना जाता था। बाद में 2009 में वे राजद छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।