अजमेर में महिला ने तीन बच्चों की हत्या के बाद कुएं में कूदकर दी जान

महिला ने दो बेटियों और एक बेटे को कुएं में फेंका और फिर ख़ुद भी कुएं में कूद गई, चारों के शव मिले, महिला के पिता के मुताबिक़ उनकी बेटी की दिमागी हालत ठीक नहीं थी

Updated: Dec 24, 2020, 08:08 PM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले के रामसर में एक दिलदहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली। बुधवार शाम महिला तीनों बच्चों के साथ घर से निकली थी। लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। घर वालों ने चारों को रात भर खोजा लेकिन कहीं कोई खबर नहीं मिली। गुरुवार सुबह चारों करीब चार बजे खबर मिली कि खेत पर बने कुएं में शव मिले हैं। इस खबर से गांव में सनसनी फैल गई। गांववालों ने इस मामले की जानकारी नसीराबाद सदर थाना पुलिस से की है। 

नसीराबाद सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार से मिली जानकारी के अनुसार रामसर गांव में विमला देवी ने बच्चों के साथ खुदकुशी की है। फिलहाल पुलिस महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। पति का कहना है कि उनके परिवार में कभी किसी बात को लेकर कोई झगड़ा नहीं हुआ। वहीं अन्य लोगों ने भी पति की बात पर सहमति दी है। फिलहाल पुलिस को किसी तरह का कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस ने चारों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं।

वहीं इस मामले में महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है। उनका कहना है कि उनकी बेटी की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। फिलहाल पुलिस इस बारे में लोगों के बयान दर्ज करने में जुटी है। महिला की शादी करीब बारह साल पहले हुई थी। महिला की बच्चियों की उम्र 5 और 7 साल थी जबकि बेटा केवल 2 साल का था। महिला ने तीनों को कुएं में फेंककर खुद उसी में छलांग लगा दी। फिलहाल अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।