गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, MP के 18 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत
विस्फोट के दौरान मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। अचानक हुए ब्लास्ट से उन्हें भागने का भी मौका नहीं मिला। विस्फोट इतना भीषण था कि कई मजदूरों के अंग भी करीब 50 मीटर दूर तक बिखर गए।

गुजरात के बनासकांठा में एक पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को भीषण ब्लास्ट हो गया। इस धमाके में मध्य प्रदेश के 18 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। फैक्ट्री में बॉयलर फट गया। जिस समय ये हादसा हुआ, फैक्ट्री के अंदर 30 मजदूर काम कर रहे थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर रेस्क्यू टीम पहुंची है। फैक्ट्री के अंदर लगी आग को बुझाने में फायर ब्रिगेड की टीम जुटी है।
बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री डीसा के धुनवा रोड पर है। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बॉयलर फटने से फैक्ट्री में आग लगी थी। मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। जानकारी के अनुसार विस्फोट के दौरान मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। अचानक हुए विस्फोट से उन्हें भागने का भी मौका नहीं मिला।
यह भी पढ़ें: अजमेर की केमिकल फैक्ट्री में नाइट्रेट गैस लीक, फैक्ट्री मालिक की मौत, 40 से ज्यादा कर्मचारी बीमार
विस्फोट इतना भीषण था कि कई मजदूरों के अंग भी करीब 50 मीटर दूर तक बिखर गए। फैक्ट्री के पीछे खेत में भी कुछ मानव अंग मिले हैं। आग पर काबू पाने के बाद अब फायर ब्रिगेड के कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर कूलिंग कर रहे हैं। डीसा एसडीएम नेहा पांचाल ने बताया कि घटना में सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल 3 लोगों का इलाज चल रहा है। ये 40 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे को लेकर प्रशासन की ओर से जांच जारी है। जल्द ही हादसे की सही वजह का पता लगाया जाएगा।
दीपक ट्रेडर्स नाम की यह पटाखा फैक्ट्री खूबचंद सिंधी की है। वह इस फैक्ट्री में विस्फोटक लाकर पटाखा बनवाते थे। हालांकि, अब तक की जांच में पता चला है कि कंपनी मालिक के पास केवल पटाखा बेचने का लायसेंस है, बनाने का नहीं, इसलिए स्थानीय पुलिस आगे की जांच में जुटी है। डीसा विधायक प्रवीण माली ने बताया कि फैक्ट्री के मलबे के नीचे अभी भी मजदूर दबे हुए हैं। हालांकि पांच लोगों को बचाकर अस्पताल ले जाया गया है। इन लोगों को विस्फोट वाली मामुली चोटें आई हैं। ये लोगं विस्फोट वाली जगह से करीब 30 फीट की दूरी पर काम कर रहे थे।