मुंबई में भारी बारिश के कारण जमींदोज हुई चार मंजिला इमारत, 11 लोगों की दर्दनाक मौत, 18 घायल

मुंबई में भारी बारिश की वजह से निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं, इसी बीच हाईटाइड का भी खतरा है, मलाड वेस्ट में देर रात एक इमारत भरभराकर गिर गई जिससे 11 लोगों की मौत हो गई

Updated: Jun 10, 2021, 06:09 AM IST

Photo Courtesy: Aajtak
Photo Courtesy: Aajtak

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश ने आम जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। मुंबई में भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हो गया जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। यहां मलाड वेस्ट के कलेक्टर कंपाउंड में देर रात भारी बारिश के कारण एक चारमंजिला इमारत भरभराकर गिर गया। इस हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हुई और 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा बुधवार देर रात करीब 11 बजे हुआ। हादसे के दौरान बच्चे और महिलाओं के साथ कई लोग घर के भीतर थे। इमारत गिरने के तत्काल बाद स्थानीय पुलिस रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे से घायलों को निकालकर सुबर्बन कांदीवली अस्पताल पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें: कोरोना से भारत में एक दिन में रिकॉर्ड मौतें, बुधवार को 6 हज़ार से ज़्यादा लोगों की गई जान

इस हादसे में 11 मृतकों में 8 बच्चें शामिल हैं। यह हादसा न्यू कलेक्टर कंपाउंड में 72 नम्बर प्लॉट पर हुआ। घटनास्थल पर दमकलकर्मी अब भी मलबा हटाने में जुटे हैं। हादसे के बाद इसके पास की दो और जर्जर इमारतों को एहतियातन खाली करा दिया गया था। बाद में जेसीबी मशीन से उन्हें भी गिरा दिया गया। 

उधर मुंबई में कल सुबह से लगातार बारिश हो रही है। यहां मीठी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण आस-पास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। कई इमारतों के ग्राउंड फ़्लोर में पानी घुस गयी है। मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी करने के बाद पुलिस ने लोगों से अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है। इसी बीच अब मुंबई में हाई टाइड आने की भी संभावनाएं हैं।