परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री देशमुख पर लगाए गंभीर आरोप, सीएम उद्धव को लिखी चिट्ठी

मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने अपनी चिट्ठी में आरोप लगाया है कि गृह मंत्री अनिल देशमुख ने सचिन वाजे को हर महीने 100 करोड़ रुपये जुटाने का टार्गेट दिया था

Updated: Mar 21, 2021, 05:07 AM IST

मुंबई। मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह द्वारा मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखी गई कथित चिट्ठी मीडिया में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस चिट्ठी में परमबीर सिंह ने राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर संगीन आरोप लगाए हैं। परमबीर सिंह ने कहा है कि अनिल देशमुख ने सचिन वाजे से प्रति महीने 100 करोड़ जुटाने के लिए कहा था। 

उद्धव को लिखी चिट्ठी के मुताबिक अनिल देशमुख ने वाजे से कहा था कि अगर मुंबई के 1750 बार व रेस्टोरेंट से  प्रति महीने 2 से 3 लाख की वसूली हो। तो यह आंकड़ा 40-50 करोड़ तक पहुंच जाएगा। इसके साथ ही परमबीर सिंह ने अपनी चिट्ठी में गृह मंत्री अनिल देशमुख पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। परमबीर सिंह ने कहा है कि देशमुख ने उनके ट्रांसफर के संबंध में झूठे बयान दिए हैं। परमबीर सिंह ने इसके लिए देशमुख के एक इंटरव्यू का हवाला दिया है जिसमें उन्होंने था कि सचिन वाजे मामले की जांच में परमबीर सिंह ने गंभीर लापरवाही और ढिलाई अपनाई। जिस वजह से उनका ट्रांसफर किया हुआ है। 

यह भी पढ़ेंमुंबई के पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का तबादला, हेमंत नगराले लेंगे उनकी जगह

परमबीर सिंह ने चिट्ठी में कहा है कि वे पहले भी अनिल देशमुख के बारे में डिप्टी सीएम अजीत पवार और एनसीपी प्रमुख शरद पवार को जानकारी दे चुके हैं।हालांकि परमबीर सिंह की इस चिट्ठी के बारे में मुख्यमंत्री कार्यालय का कुछ और ही कहना है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक परमबीर सिंह की इस चिट्ठी में अधिकारी के हताक्षर नहीं है। और नहीं यह चिट्ठी परमबीर सिंह के अधिकारी मेल आईडी से आई है। 

लेकिन अब इस पूरे मामले ने महाराष्ट्र की सियासत में हलचल मचा दी है। अनिल देशमुख ने अपने ऊपर लग रहे आरोपों को निराधार बताया है। देशमुख ने कहा है कि परमबीर सिंह को पता है कि वह मनसुख हिरेन मामले में बहुत बुरी तरह से फंसने वाला है। इस मामले में इसका नाम सीधे तौर पर जुड़ रहा है। इसलिए परमबीर सिंह डर के कारण खुद को कानूनी शिकंजे बचाने के लिए झूठे और निराधार आरोप लगाने पर उतर आया है। 

दरअसल एंटीलिया केस में सचिन वाजे का नाम सामने आने के बाद परमबीर सिंह को मुंबई पुलिस कमिश्नर के पद से हटा दिया गया है। परमबीर सिंह को होम गार्ड में डीजी बनाया गया है।