कोरोना के नए मामलों में गिरावट, लेकिन मौत का ग्राफ अब भी ऊंचा, 24 घंटे में 4329 मौतें

देश में कोरोना वायरस महामारी के नए मामलों में अब गिरावट दर्ज की जा रही है. देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2 लाख 63 हजार 533 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि कल 4329 लोगों की मौत हो गई। कल चार लाख 22 हजार 436 लोग ठीक हुए हैं।

Updated: May 18, 2021, 06:09 AM IST

Photo courtesy: aaj tak
Photo courtesy: aaj tak

दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर में अब गिरावट दर्ज की जा रही है। कोरोना के नए मामलें कम होने से भारत को बड़ी राहत मिली है। बीते कुछ दिनों से भारत में कोरोना संक्रमण के नए मामलों की गिरावट देखने को मिली है, जो काफी हद तक राहत पहुंचाने वाली है। कोरोना के मरीजों की संख्या घटने से स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पटरी पर लौटने लगी हैं तो अस्पतालों को भी सांस मिली है। कोरोना मामले में हो रही गिरावट के बावजूद केंद्र और राज्य सरकारें अभी ढील देने की फिराक में नही है। अधिकतर राज्यों में तालाबंदी आगे भी जारी रहेगी। कई जगहों पर लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। कोरोना से निपटने के लिए देश में वैक्सीनेशन अभियान भी चलाया जा रहा है। सोमवार को भारत को कोरोना से जंग में एक नया हथियार मिला। डीआरडीओ द्वारा विकसित कोरोना की दवा 2डीजी को लॉन्च कर दिया गया है।


भारत में कोरोना वायरस के नए मामलों की गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में देश में कोविड के 2,63,533 नए केस सामने आए। जिसके बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,52,28,996 हो गई है। 4329 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 2,78,719 हो गई है। 4,22,436 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 2,15,96,512 हुई। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 33,53,765 है।


गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकारें हर तरह से प्रयास में लगी हैं। देश में सोमवार को कोविड-19 टीके की 14,79,592 खुराक लगाई गईं, जिसके साथ ही अब तक टीका लगवाने वालों की संख्या 18.44 करोड़ के पार चली गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि सोमवार को 18-44 वर्ष आयवुर्ग के 6,63,329 लोगों को कोविड-19 टीके की पहली खुराक लगायी गयी और इस तरह इस टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत से अब तक 36 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में इस वर्ग में 59,32,704 लाभार्थियों को टीके लगाये जा चुके हैं।