हॉस्पिटल में पूरी रात छोटे से सोफे पर सोया, मां की सेहत को लेकर बोलते वक्त हुए भावुक हुए राहुल गांधी

राहुल सोनिया की खराब तबीयत के चलते बुधवार को संसद भवन में हुई सर्वदलीय बैठक में भी शामिल नहीं हुए। वहीं, केरल में उनका दौरा भी रद्द कर दिया गया था। उनकी जगह मल्लिकार्जुन खड़गे गए।

Updated: Mar 26, 2026, 12:45 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी की चेयरपर्सन सोनिया गांधी विगत दो दिनों से दिल्ली के सर गंगा राम हॉस्पिटल में एडमिट हैं। कांग्रेस नेत्री को पेट और यूरिनरी इंफेक्शन के चलते मंगलवार रात 10:22 बजे भर्ती कराया गया था। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मां की देखभाल के लिए अस्पताल में ही रहे।

राहुल सोनिया की खराब तबीयत के चलते बुधवार को संसद भवन में हुई सर्वदलीय बैठक में भी शामिल नहीं हुए। वहीं, केरल में उनका दौरा भी रद्द कर दिया गया था। उनकी जगह मल्लिकार्जुन खड़गे गए। राहुल ने सभा को वर्चुअली संबोधित किया। राहुल गांधी पूरे समय अस्पताल में अपनी मां की देखभाल कर रहे हैं। इसे लेकर बोलते हुए वह भावुक भी नजर आए।

कांग्रेस ने राहुल गांधी का वीडियो शेयर किया है जिसमें वह केरल के लोगों को वर्चुअली संबोधित कर रहे हैं। इसमें राहुल गांधी कहते हैं, 'कल रात, मैं हॉस्पिटल में अपनी मां के कमरे में एक छोटे से सोफे पर सो रहा था। जैसे कि कोई भी बेटा अपनी मां की सेहत को लेकर परेशान रहता है, मैं भी परेशान था।पूरी रात, मुझे सिर्फ एक चीज से सुकून मिला। मुझे केरल की एक नर्स से सुकून मिला जो हर घंटे मेरी मां को देखने आती थी। हर एक घंटे, वह आकर उन्हें देखती थी। वह मुस्कुराती थी और उनका हाथ पकड़ती थी।'

राहुल गांधी आगे कहते हैं, 'मैंने सोचा कि केरल की नर्सों ने कितने बेटों, बेटियों, भाइयों और बहनों को उनके सबसे मुश्किल पलों में सुकून दिया है। सुबह-सुबह, मैंने उनसे पूछा, क्या आप रात में सोती हैं, या पूरी रात काम करती हैं? उन्होंने कहा, मैं पूरी रात काम करती हूं। तो, जब पूरी दुनिया सो रही है, केरल की औरतें, सिर्फ केरल में ही नहीं बल्कि दिल्ली में, पूरे देश में और दुनियाभर में लोगों को सुकून दे रही हैं। उनका हाथ थाम रही हैं, और उन्हें आराम महसूस करा रही हैं। मेरे लिए, यही केरल की पहचान है।' इतना कहकर राहुल गांधी भावुक हो जाते हैं।

सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने गुरुवार को बताया कि सोनिया गांधी को 24 मार्च की रात भर्ती कराया गया था। उनकी हालत अब स्थिर है। कोई गंभीर स्थिति नहीं है। 79 साल की नेता को मंगलवार रात करीब 10:22 बजे बुखार आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।