चीन में फैले HMPV वायरस से भारत में दहशत, 24 घंटे में देश के पांच राज्यों में 8 मामले सामने आए

कोरोना जैसे HMPV वायरस के केस बढ़कर 8 हो गए हैं। मंगलवार को महाराष्ट्र के नागपुर में 2 केस सामने आए। यहां एक 13 साल की लड़की और एक 7 साल का लड़का संक्रमित मिला है।

Updated: Jan 07, 2025, 02:52 PM IST

नई दिल्ली। चीन में फैले कोरोना जैसे वायरस ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) की भारत में भी एंट्री हो गई है, जिससे लोग डर गए हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और पश्चिम बंगाल में HMPV वायरस के कुल 8 मामले सामने आए हैं। 

मंगलवार को महाराष्ट्र के नागपुर में 13 साल की लड़की और 7 साल के लड़के में इस वायरस की पुष्टि हुई। दोनों बच्चों में सर्दी और बुखार जैसे लक्षण नजर आए। टेस्ट के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि, दोनों की हालत गंभीर नहीं है। फिलहाल दोनों बच्चों को घर पर ही आइसोलेट रखा गया है और उनका इलाज किया जा रहा है। ये बच्‍चे कैसे एचएमपीवी वायरस के संपर्क में आए, ये अभी पता लगाया जा रहा है।

बीते 24 घंटे में आठ मामले सामने आने से देश भर में हड़कंप मच गया है। भारत ने एचएमपीवी वायरस से निपटने के लिए तैयारियां कर ली है। राज्‍य सरकारें भी अपने स्‍तर पर तैयारियां कर रही हैं। दिल्‍ली सरकार ने एडवाइजरी जारी की है, तो उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने आज बैठक बुलाई है।

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जेपी नड्डा का कहना है कि एचएमपीवी वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है। ये वायरस भारत में 2001 से है। एचएमपीवी वायरस इतना खतरनाक नहीं है जितना इसके बारे में सोशल मीडिया पर बातें हो रही हैं। HMPV कोई नया वायरस नहीं है। यह कई सालों से पूरी दुनिया में फैल रहा है। हम स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं। हम ये कह सकते हैं कि चिंता का कोई कारण नहीं होना चाहिए।

आईसीएमआर (ICMR) ने भी लोगों को कहा है कि HMPV वायरस नया नहीं है। यह पहले से ही भारत सहित दुनियाभर में मौजूद रहा है। इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। बस लोग एहतियात बरतें। बता दें कि HMPV वायरस से संक्रमित होने पर मरीजों में सर्दी और कोविड-19 जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों पर देखा जा रहा है। इनमें 2 साल से कम उम्र के बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।