सागर में बारात में हुई फायरिंग, 15 वर्षीय बैंडकर्मी विवेक बंसल की मौत, आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले में गुरुवार रात शादी की बारात में हुई फायरिंग में नाबालिग बैंडकर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में गुरुवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान चली गोली ने 15 वर्षीय किशोर की जान ले ली। मोतीनगर थाना क्षेत्र के गोला कुआं के पास बारात में हुई इस फायरिंग में बैंड बजा रहे विवेक बंसल के सीने में गोली लगी। वहां मौजूद लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोनी परिवार की बारात गोला कुआं स्थित शराब दुकान के पास से सागर सरोज मैरिज गार्डन की ओर बढ़ रही थी। बैंड पार्टी बारात के आगे चल रही थी। इसी दौरान भीड़ में शामिल एक युवक ने कथित तौर पर कट्टा निकालकर फायर कर दिया। गोली सीधे विवेक के सीने में लगी। जिसके बाद वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।
मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए पहले नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत देखते हुए उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली सीने के संवेदनशील हिस्से में लगी थी और अत्यधिक खून निकलने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बड़ी संख्या में परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए थे। जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हालात बन गए थे। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति संभाली।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने शादी समारोह के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे ड्रोन कैमरों को भी जब्त किया। अधिकारियों ने ड्रोन फुटेज से फायरिंग करने वाले की पहचान की। आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
मृतक विवेक बंसल अपने परिवार का इकलौता बेटा था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह बैंड में काम कर घर की मदद करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल और थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए।
विवेक के साथी खिलान बंसल ने बताया कि वे सामान्य रूप से बैंड बजाते हुए आगे बढ़ रहे थे। अचानक गोली चलने की आवाज आई और विवेक जमीन पर गिर पड़ा। शुरुआत में किसी को समझ नहीं आया कि फायरिंग हुई है लेकिन खून देखकर स्थिति स्पष्ट हो गई।




