20 लाख करोड़ का आर्थिक पैकेज

लॉकडाउन 4.0 से जुड़ी जानकारी 18 मई से पहले दी जाएगी

Publish: May 13, 2020, 10:31 AM IST

लॉकडाउन 3.0 खत्‍म होने के 5 दिन पहले देश के नाम अपने पांचवें संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज की घोषणा की है। मोदी ने कहा कि ये पैकेज भारत की GDP का करीब-करीब 10 प्रतिशत है। यह पैकेज 2020 में देश की विकास यात्रा को एक नई गति देगा। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए इस पैकेज में लैंड, लिक्विडिटि, लेबर, कुटीर उद्योग, लघु उद्योग सभी के लिए बहुत कुछ है। ये पैकेज देश के उस किसान के लिए है, जो दिन-रात परिश्रम कर रहा है। ये देश के मध्यम वर्ग के लिए है। ये पैकेज भारत के उद्योग के लिए है। वित्‍तमंत्री कल से आगे तक हर दिन हर तबके के लिए आर्थिक पैकेज की जानकारी देगी।

देश के नाम अपने संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि लॉकडाउन के चौथे चरण में नियमों में बदलाव होंगे। इस संबंध में राज्यों से सुझाव आ रहे हैं। लॉकडाउन 4.0 से जुड़ी जानकारी 18 मई से पहले दे दी जाएगी। मुझे पूरा भरोसा है कि हम सभी नियमों का पालन करते हुए कोरोना से लड़ेंगे भी और आगे बढ़ेंगे भी। आप अपने परिवार और करीबियों का जरूर ध्यान रखिए।

स्‍थानीय उत्‍पाद की पैरवी करते हुए मोदी ने अपील करते हुए कहा कि आज से हर भारतवासी को अपने लोकल के लिए ‘वोकल’ बनना है, न सिर्फ लोकल प्रोडक्ट्स खरीदने हैं, बल्कि उनका गर्व से प्रचार भी करना है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा देश ऐसा कर सकता है।