पीएम मोदी ने ली कोरोना वैक्सीन की पहली डोज, सुबह-सुबह AIIMS में लगवाया टीका

देशभर में आज से शुरू हुआ टीकाकरण अभियान का दूसरा फेज, 60 साल से अधिक उम्र और 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले बीमारियों से ग्रस्त लोगों का टीकाकरण शुरू

Updated: Mar 01, 2021, 03:18 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण के रोकथाम के लिए देशभर में आज से टीकाकरण अभियान के दूसरे फेज की शुरुआत हो गई है। आज सुबह-सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित AIIMS में जाकर टीका लगवाया है। पीएम मोदी ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दिया है। बताया जा रहा है कि मोदी ने भारत बायोटेक द्वारा विकसित कोवैक्सीन की डोज ली है।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'AIIMS में COVID-19 वैक्सीन की मेरी पहली खुराक ली। कोरोना के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने में हमारे डॉक्टर और वैज्ञानिकों ने जिस तेजी से काम किया वह असाधारण है। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे वैक्सीन लगवाएं। हमें साथ मिलकर देश को कोरोना मुक्त बनाना है।'

प्रसार भारती न्यूज़ सर्विस द्वारा किये गये एक ट्वीट के मुताबिक पुदुचेरी निवासी सिस्टर पी निवेदा ने मोदी को भारत बायोटेक द्वारा निर्मित कोवैक्सीन का टीका लगाया। बता दें कि देश में कोरोना वैक्सीनेशन के दूसरे फेज में 60 साल से ज्यादा और 45 से 60 साल के बीच के वैसे लोग जो गंभीर बीमारियों से ग्रसित हैं, उन्हें शामिल किया गया है। इसमें उन लोगों को भी शामिल किया गया है जिनकी उम्र 1 जनवरी 2022 को 60 साल होगी। 

वैसे लोग जिनकी उम्र 60 साल या उससे ज्यादा है, उन्हें रजिस्ट्रेशन और वैक्सीनेशन के वक्त ID कार्ड साथ रखना होगा। 45 से 60 साल के जो लोग गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं, उन्हें मेडिकल सर्टिफिकेट दिखाना होगा। सरकार ने इसके लिए डिक्लरेशन फॉर्मेट के साथ इस क्राइटेरिया में आने वाली 20 बीमारियों की लिस्ट भी जारी की है। इस फॉर्म को डॉक्टर से सर्टिफाई करवाना होगा। टीकाकरण दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसके लिए को-विन 2.0 पोर्टल के साथ ही आरोग्य सेतु ऐप पर सुबह 9 बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा।

इस श्रेणी में आने वाले लोगों के लिए दस हजार सरकारी केंद्रों पर निशुल्क टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। वहीं 20 हजार प्राइवेट केंद्र भी खोले गए हैं जहां टीका लेने के लिए प्रति डोज 250 रुपए जमा करना होगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में अबटक 1.23 करोड़ से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम मोर्चे के कर्मियों को टीके की खुराक दी गयी है।