आटा महंगा, डाटा महंगा, बीमा महंगा, जीना महंगा, महंगाई पर हमलावर हुईं प्रियंका गांधी

मोदी सरकार के कपड़ों पर जीएसटी 12 फ़ीसदी करने से व्यापारियों में ग़ुस्सा है.. ऊपर से महंगाई चरम पर है, प्रियंका गांधी ने इसी पर मोदी सरकार से आज़िज़ जनता को संबोधित किया है

Updated: Nov 24, 2021, 01:27 PM IST

Photo Courtesy : HT
Photo Courtesy : HT

नई दिल्ली। देश में बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की कमर तोड़ रखी है। खाने-पीने की चीजें पहले ही आसमान छू रही हैं। टमाटर सौ के पार चला गया है और सब्जियों के दाम आसमान छू रहे है। इसी बीच केंद्र सरकार ने कपड़ों पर भी जीएसटी बढ़ाने का ऐलान किया है। आपके मौबाइल के खर्चे भी बढ़ने के संकेत मिल रही हैं। केंद्र सरकार के फैसले एक के बाद एक आम लोगों का जीना दूभर कर रहे हैं। कांग्रेस इस बढ़ती महंगाई से लोगों को जगाने के लिए लगातार अपने तेवर सख्त किए हुए है। एक तरफ देशभर में कांग्रेस की जन जागरण यात्राएं चल रही हैं तो दूसरी तरफ उसके नेताओं के चुभनेवाले बयान भी सत्ताधारियों को जगाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने फिर से आक्रोश व्यक्त किया है। प्रियंका ने लिखा है कि मोदी राज में ऐसा कुछ भी नहीं बचा जिसे महंगा न किया गया हो।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'मोदी जी के राज में ऐसा कुछ भी बचा नहीं, जिसको महंगा किया नहीं। आटा महंगा, मोबाइल का डाटा महंगा, जीवन बीमा महंगा, जीवन जीना महंगा, कपड़े महंगे, जूते महंगे, महंगी सब्जी-दाल। "बहुत हुई महंगाई की मार" का नारा देने वाले अब हर रोज जनता पर महंगाई का प्रहार कर रहे हैं।' 

प्रियंका गांधी ने इसके साथ ही एक ग्राफिक भी साझा किया है। इसमें बताया गया है कि कपड़ों पर जीएसटी में 12 फीसदी बढ़ोतरी हुई है, जबकि मोबाइल रिचार्ज 20 से 25 फीसदी तक महंगे हुए हैं। इसके अलावा जीवन बीमा पॉलिसी 20 से 40 फीसदी तक महंगे हुए हैं, वहीं सब्जियों के रेट भी 25 फीसदी तक बढ़ गए हैं।

यह भी पढ़ें: मोदी सरकार ने किचन में लागू कर दी है धारा 144, बढ़ती महंगाई पर कांग्रेस ने साधा निशाना

बता दें कि सरकार के फैसले आम आदमी पर एक एक करके भारी पड़ रहे हैं। पहले नोटबंदी, फिर जीएसटी और फिर रही सही कसर तेल के दामों में लगी आग ने पूरी कर दी है। देशभर में महंगाई चरम पर है। आलम ऐसा है कि दशकों बाद माचिस की डिब्बी की कीमत भी दोगुनी कर दी गई है। विपक्षी दल महंगाई को लेकर लगातार हमलावर रहा है लेकिन महंगाई को मुद्दा बनाकर सत्ता में आई बीजेपी ने इसपर चुप्पी साध रखी है। उधर कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ देशव्यापी जन जागरण अभियान छेड़ रखा है। इस अभियान के तहत देशभर में कांग्रेस नेता पैदल यात्रा कर लोगों को मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जागरुक कर रहे हैं।