Priyanka Gandhi: जब तक दम है किसानों के लिए लड़ूंगी, अंग्रेज़ों की तरह शोषण कर रही बीजेपी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज मेरठ की सरधना विधानसभा के तहत आने वाले कैली गांव में किसान महापंचायत को संबोधित किया, इस दौरान प्रियंका गांधी ट्रैक्टर पर सवार होकर मंच पर पहुँची

Updated: Mar 07, 2021, 03:29 PM IST

Photo Courtesy : Twitter
Photo Courtesy : Twitter

मेरठ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन के समर्थन में उत्तर प्रदेश में लगातार मुहिम चला रही हैं। इसी कड़ी में प्रियंका गांधी ने आज मेरठ में किसान महापंचायत को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी किसानों का अंग्रेज़ों की तरह शोषण कर रही है। उन्होंने एलान किया कि जब तक दम है वे किसानों के लिए लड़ती रहेंगी।

प्रियंका गांधी ने किसानों से कहा, 'किसान 100 दिन से संघर्ष कर रहे हैं। 200 से ज्यादा किसान शहीद हो गए। सरकार का धर्म था कि किसानों के पास जाकर उनसे बात करती। लेकिन भाजपा सरकार ने किसानों की शहादत का मजाक उड़ाया, किसानों का अपमान किया। प्रियंका गांधी ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि "मैं आपसे वादा करती हूं कि 100 दिन क्या 100 महीने भी लगें, मैं किसानों के साथ खड़ी रहूंगी।" 

 

 

गन्ना किसानों के साथ हो रहे अन्याय का ज़िक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि आपका बकाया देने की जगह प्रधानमंत्री मोदी ने हवाई जहाज़ खरीद लिए। उन्होंने कहा कि इस समय देश को केवल दो लोग चला रहे हैं। मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि इनके पास अमेरिका, चीन और जापान घूमने का समय है लेकिन किसानों से मिलने का समय इनके पास नहीं है। इससे पहले कांग्रेस महसचिव ट्रैक्टर पर सवार होकर सभास्थल पर पहुंचीं।

 

प्रियंका गांधी ने महापंचायत में किसानों से कहा कि एक तरफ खरबपति हैं और दूसरी तरफ आप लोग हैं। तो ऐसे में इन कानूनों को फायदा किसे होगा? उन्होंने कहा कि इन कानूनों से सिर्फ और सिर्फ उद्योगपतियों को लाभ होगा। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कृषि कानूनों को बनाने से पहले किसी ने किसानों से एक बार भी नहीं पूछा। तीनों कानून किसानों की मर्ज़ी के बिना उन पर लाद दिए गए। इतना ही नहीं, किसानों को इन काले कानूनों के खिलाफ आंदोलन करते सौ दिन से ज्यादा हो गए हैं, दो सौ से ज्यादा किसान शहीद हो चुके हैं। लेकिन संसद में जब राहुल गांधी शहीद किसानों को दो मिनट की मौन श्रद्धांजलि देने खड़े हुए तो बीजेपी के सांसदों-मंत्रियों ने शहीद किसानों के सम्मान में खड़े होने की ज़रूरत भी नहीं समझी।