ट्रैक्टर चलाकर संसद पहुंचे राहुल गांधी, काले कानून तुरंत वापस लेने की मांग
किसान आंदोलन को आज आठ महीने पूरे हो गए हैं, लेकिन आंदोलनरत किसानों के प्रति केंद्र सरकार ने अब तक उदासीन रवैया ही अपना रखा है, केंद्र सरकार के विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज खुद ट्रैक्टर चलाकर संसद पहुंचे

नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन को आज आठ महीने पूरे हो गए हैं। आंदोलनरत किसानों के समर्थन में आज खुद राहुल गांधी ट्रैक्टर चलाते नजर आए। राहुल गांधी ट्रैक्टर चलाते हुए संसद भवन पहुंचे। राहुल ने केंद्र सरकार पर किसानों की बात न सुनने का आरोप लगाते हुए तीनों कानूनों को जल्द से जल्द रद्द करने की मांग की।
दिल्ली की सड़कों पर ट्रैक्टर लेकर निकले राहुल गांधी, कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन @INCIndia |@RahulGandhi |#FarmLaws |#FarmersProtest |@RakeshTikaitBKU pic.twitter.com/qQ7mJKRbGy
— humsamvet (@humsamvet) July 26, 2021
राहुल गांधी के साथ ट्रैक्टर पर दीपेंद्र हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला सहित अन्य कांग्रेस नेता दिखे। राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा इन लोगों को किसानों में आतंकवादी नज़र आते हैं। किसानों को लेकर सरकार के लोग लगातार अनर्गल बयानबाजी करने से बाज़ नहीं आ रहे हैं। राहुल ने कहा कि मोदी सरकार को इन तीनों कानूनों को हर हाल में रद्द करना ही होगा।
राहुल गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल पर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि अगर खेत बेचने पर मजबूर करोगे तो ट्रैक्टर संसद में चलेगा। सत्य की फसल उगाकर रहेंगे।कृषि विरोधी कानून वापस लो।
अगर खेत बेचने पर मजबूर करोगे, तो ट्रैक्टर संसद में चलेगा- सत्य की फ़सल उगाकर रहेंगे!
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 26, 2021
कृषि-विरोधी क़ानून वापस लो।#FarmersProtest pic.twitter.com/19PnIRet4U
दूसरी तरफ जंतर मंतर पर रोजाना दो सौ की संख्या में किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। संसद के मॉनसून सत्र में भी विपक्ष लगातार किसानों के मुद्दे को उठा रहा है। वहीं दिल्ली की सीमाओं पर लगातार किसान कानून वापसी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। आज आंदोलन के आठ महीने पूरे होने पर महिला किसान संसद का आयोजन भी किया जा रहा है। हालांकि सरकार यह स्पष्ट कर चुकी है कि वह इन कानूनों को रद्द नहीं करेगी।