भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक, कांग्रेस ने गृहमंत्री अमित शाह को लिखी चिट्ठी

गृहमंत्री को संबोधित पत्र में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और राहुल गांधी के चारों ओर सुरक्षा के घेरे को मेंटेन रखने में पूरी तरह से विफल रही, जबकि उन्हें जेड प्लस सुरक्षा दी गई है।

Updated: Dec 28, 2022, 08:17 AM IST

नई दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। कांग्रेस में इस संबंध में गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर नाराजगी जाहिर की है। शाह को संबोधित पत्र में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और राहुल गांधी के चारों ओर सुरक्षा के घेरे को मेंटेन रखने में पूरी तरह से विफल रही, जबकि उन्हें जेड प्लस सुरक्षा दी गई है।

कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि जैसे ही यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंची। उसके बाद कई बार राहुल गांधी की सुरक्षा में सेंध लगी। दिल्ली पुलिस भीड़ को को काबू करने और उनके चारों ओर के सुरक्षा के घेरे को मेंटेन करने में असफल रही। जबकि उन्हें Z प्लस सिक्योरिटी मिली है। केसी वेणुगोपाल ने शिकायत में कहा कि इसके बाद स्थिति काफी बिगड़ गया, नतीजतन कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भारत यात्रा में शामिल यात्रियों को सुरक्षा का घेरा बनाना पड़ा। दिल्ली पुलिस मूक दर्शक बनी रही। 

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि खुफिया ब्यूरो यात्रा में भाग लेने वाले लोगों से पूछताछ कर रहा है। पत्र में लिखा गया है कि इंटेलिजेंस ब्यूरो का इस्तेमाल उन लोगों के विरुद्ध हो रहा है जो राहुल गांधी से मिल रहे हैं। आईबी उनसे लगातार पूछताछ कर रही है। कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने बीजेपी शासित हरियाणा के गुरुग्राम में पार्टी की एक पुलिस शिकायत का भी हवाला दिया है। दरअसल, बीते दिनों हरियाणा सरकार की इंटेलिजेंस यूनिट के लोग अनाधिकृत रूप से भारत जोड़ो यात्रा के कंटेनर में घूस गए थे।

यह भी पढ़ें: BJY में शामिल होने के बाद फिल्ममेकर का ट्विटर हैक, दिग्विजय सिंह ने एलन मस्क से की एक्शन लेने की मांग

पत्र में आगे कहा गया है कि प्रत्येक नागरिक को पूरे भारत के क्षेत्र में घूमने का संवैधानिक अधिकार है। भारत जोड़ो यात्रा देश में शांति और सद्भाव लाने के लिए एक पदयात्रा है। सरकार को बदले की राजनीति में शामिल नहीं होना चाहिए और कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

कांग्रेस ने यदा दिलाया कि देश की एकता के लिए इंदिरा गांधी और राजीव गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के बलिदान का हवाला दिया। ऐसे कांग्रेस पार्टी ने यात्रा और राहुल गांधी के लिए बेहतर सुरक्षा की मांग की है। पत्र में लिखा, "भारत जोड़ो यात्रा 3 जनवरी, 2022 से शुरू होने वाले अगले चरण में संवेदनशील राज्य पंजाब और जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने के लिए तैयार है। इस संबंध में, मैं आपसे राहुल गांधी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का अनुरोध करता हूं।'