मुंबई में बारिश बनी आफत, सड़कों पर भरा पानी, ट्रेनों पर भी असर, स्कूल-कॉलेज बंद
मुंबई में सांताक्रूज, अंधेरी, जोगेश्वरी, मलाड, कांदिवली और दहिसर समेत कई सबवे में 3-5 फीट पानी भर गया और पूर्व-पश्चिम यातायात बाधित हो गया।

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश आफत बन गई है। मुंबई और आसपास के इलाकों में रातभर हुई भारी बारिश के चलते ट्रेनें, सड़कें और राजमार्ग प्रभावित हुए हैं। काम पर जाने वाले लाखों यात्री कई स्टेशनों पर फंस गए और सुबह के सत्र के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
मुंबई में लोगों को सड़कों, रेलवे ट्रैक, निचले इलाकों में पानी भरे होने, घरों, दुकानों या दफ्तरों में पानी भरने, मेट्रो बंद होने और कई जगहों पर आवागमन बाधित होने का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई में सांताक्रूज, अंधेरी, जोगेश्वरी, मलाड, कांदिवली और दहिसर समेत कई सबवे में 3-5 फीट पानी भर गया और पूर्व-पश्चिम यातायात बाधित हो गया।
शहर के विभिन्न इलाकों में कई गाड़ियां फंस गईं, पेड़ गिर गए और अन्य छोटी-मोटी घटनाएं हुईं, हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इधर, महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही आज दोपहर एक बजे तक स्थगित कर दी गई है। बारिश की वजह से कई विधायक हाउस में पहुँच ही नहीं पाए।
बताया जा रहा है कि मुंबई में रविवार देर रात 1 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक छह घंटों में करीब 300 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। इस कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया।
रेलवे ने बताया कि ट्रैक पर पानी भरने के कारण मुंबई डिवीजन की 5 ट्रेनें कैंसिल कर दी गईं। वहीं कुछ लोकल ट्रेनें भी कई घंटों की देरी से चल रही हैं। मुंबई में BMC ने सरकारी और प्राइवेट स्कूल-कॉलेजों में आज के लिए छुट्टी घोषित कर दी है।