तेलंगाना में भारी बारिश के कारण 16 ज़िलों में आई बाढ़, महाराष्ट्र में लैंड स्लाइड से पांच लोगों की हुई मौत
तेलंगाना में गुरुवार को भारी बारिश हुई, जिसके बाद 16 जिलों में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई, महाराष्ट्र के रायगढ़ में भूस्खलन से पांच लोगों की मौत हो गई

नई दिल्ली। भारी बारिश के कारण देश के दो राज्यों तेलंगाना और महाराष्ट्र में आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। गुरुवार को तेलंगाना के 16 जिलों में हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई है। वहीं महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भूस्खलन के कारण पांच लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
तेलंगाना में अगले दो दिन तक भारी बारिश होने की आशंका है। ऐसे में राज्य के लोगों को विषम परिस्थियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने राहत बचाव कार्य टीम और प्रशासन को युद्ध स्तर पर काम करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए एक स्थायी बाढ़ प्रबंधन टीम का गठन करने के निर्देश दिए हैं।
तेलंगाना में बाढ़ की स्थिति निर्मित होने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चिंता व्यक्त की है। राहुल गांधी ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि तेलंगाना में बाढ़ का सामना कर रहे हमारे भाइयों और बहनों के प्रति मेरी सहानुभूति है। कांग्रेस नेता ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को निर्देशित करते हुए कहा है कि वे रेस्क्यू ऑपरेशन में हर संभव मदद करें। राहुल गांधी ने कहा कि अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। कृपा अपना खयाल रखें।
My thoughts are with our brothers and sisters in Telangana facing massive floods.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 23, 2021
I appeal to Congress workers to provide all possible assistance in the rescue operations.
There are still warnings of more heavy rainfall. Please take care and stay safe. pic.twitter.com/izflt2z4YS
तेलंगाना के साथ साथ महाराष्ट्र के कई हिस्से भी भारी बारिश के कारण बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं। एनडीआरएफ को टीम लगातार राहत बचाव कार्य करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है। रायगढ़ जिले में पांच लोगों की भूस्खलन के कारण मौत हो गई है। बाकी लोगों की तलाश जारी है।
महाराष्ट्र में जगह जगह पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसलिए मुंबई से चलने वाली 22 ट्रेनों को एहतियातन तौर पर रद्द कर दिया गया है।